- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- केन्द्र व राज्य सरकार हर मामले में...
केन्द्र व राज्य सरकार हर मामले में असफल: विधायक आव्हाड़

डिजिटल डेस्क,नागपुर। केंद्र और राज्य सरकार हर मामले में असफल रही है जिसका खामियाजा जनता भुगत रही है इस तरह का आरोप राकांपा नेता व विधायक जीतेंद्र आव्हाड़ ने लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतिहास का उपहास उड़ा रहे हैं। इतिहास का विद्रुपीकरण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस राज्य में सरकार को अपने बल पर चलाना तो चाहते हैं, लेकिन उनके सहयोगी मंत्री ही आनंद लेने की भूमिका में रहते हैं। मुख्यमंत्री को उनके सहयोगी मंत्री ही अड़चन में लाने का प्रयास करते रहते हैं। एक कार्यक्रम के सिलसिले में शहर में आए श्री आव्हाड़ पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।
संसद में त्रुटिपूर्ण बातें करते हैं PM
श्री आव्हाड़ ने कहा कि किसान कर्जमाफी, बोंड इल्ली ग्रस्तों को सहायता के अलावा सभी मोर्चों पर भाजपा सरकार असफल साबित हुई है। प्रधानमंत्री संसद में भी त्रुटिपूर्ण बातें करते हैं। लोग प्रधानमंत्री पर हंसते हैं।
शिक्षा व्यवस्था का उपहास
प्रधानमंत्री का यह कहना शिक्षा व्यवस्था का उपहास ही है कि उच्च शिक्षा पाकर युवाओं को पकौड़े बेचने का काम करना चाहिए। पकौड़े बेचना गलत नहीं है, लेकिन उच्च शिक्षा लेकर पकौड़े बेचने के बारे में कहना एक तरह से शिक्षा व्यवस्था का उपहास है।
राज्य में भाजपा को भय
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में भाजपा को भय लगने के कारण लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की चर्चा शुरू कराई गई है।
लोया मामले में गहन जांच हो
सीबीआई विशेष न्यायालय के न्यायाधीश लाेया की नागपुर में मृत्यु के मामले की गहन जांच होने की आवश्यकता है। पत्रकार वार्ता में विधान परिषद सदस्य प्रकाश गजभिये उपस्थित थे।
यह भी कहा
सरकार ने मराठा व धनगर समाज के साथ न्याय नहीं किया है। राकांपा अध्यक्ष शरद पवार भाजपा के साथ कभी हाथ नहीं मिला सकते हैं। भाजपा जातिवादी है। लिंगायत समाज अलग धर्म की मान्यता देने की मांग भी मानने को सरकार तैयार नहीं है। भीमा कोरेगांव प्रकरण स्टेट स्पांसर्ड था। मराठा दलित विवाद निर्माण करने का प्रयास भाजपा ने किया। घटना के बाद संभाजी भिड़े पर कार्रवाई नहीं की गई। भिड़े के साथ मनुवादी शक्ति है। भिड़े ने उच्च शिक्षित युवाओं के बारे में अपमानजनक वक्तव्य दिया है।
Created On :   12 Feb 2018 11:35 AM IST