बिहार चुनाव में सुशांत मौत मामले को मुद्दा बनाएगी एनडीए - राऊत

NDA will make Sushants death an issue in Bihar elections - Raut
बिहार चुनाव में सुशांत मौत मामले को मुद्दा बनाएगी एनडीए - राऊत
बिहार चुनाव में सुशांत मौत मामले को मुद्दा बनाएगी एनडीए - राऊत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना सांसद संजय राऊत ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामला चुनावी प्रचार का मुद्दा रहेगा। उन्होंने कहा कि सुशांत मौत मामले चुनाव प्रचार का मुद्दा बनाने के लिए केंद्र और बिहार सरकार ने राजनीति की है। सत्ताधारी जेडीयू ने चुनाव प्रचार के लिए सुशांत का पोस्टर भी छपवाया है। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में राऊत ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा हुई है। पर मैं जानना चाहता हूं कि क्या बिहार में कोरोना संकट खत्म हो गया है? यदि ऐसा है तो चुनाव आयोग को इसकी भी घोषणा करनी चाहिए। राऊत ने कहा कि कोरोना संकट की परिस्थिति में बिहार विधानसभा चुनाव कराना उचित है क्या? देश में अभूतपूर्व परिस्थिति पैदा हो गई है। वोटरों को केवल अपनी अंगुली में स्याही नहीं लगाना है। मुझे लगता है कि चुनाव कराने का फैसला सरकार का है। लेकिन यह कहा जाएगा कि चुनाव आयोग स्वतंत्र संस्था है। 

राऊत ने कहा कि यह विचार करने वाली बात है कि बिहार में सत्ताधारी दल के पास विकास, काम, सुशासन का कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए मुंबई के मामले को जबरन बिहार का मुद्दा बनाया गया। इसकी स्क्रिप्ट पहले से लिखी जा चुकी थी। उसी आधार पर आगे काम हुआ। इस मुद्दे को जोरों से उठाने वाले बिहार के तत्कालीन डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने इस्तीफा दे दिया है वे बक्सर से चुनाव लड़ने वाले हैं। राऊत ने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि सुशांत मौत मामले की जांच आगे बढ़ेगी क्योंकि सीबीआई कहीं नजर नहीं आ रही है। अब मुंबई और महाराष्ट्र के लोगों को बिहार के पूर्व डीजीपी, वहां के नेताओं और यहां पर इस मुद्दे को उठाने वाले लोगों से पूछना पड़ेगा सुशांत जांच मामले का क्या हुआ। 

राऊत ने कहा कि बिहार में संसद में पारित कृषि और श्रम सुधार विधेयकों का बिहार में कोई असर नहीं पड़ने वाला है। बिहार में मतदान केवल जाति और धर्म पर होता है। कई बार वहां पर गरीबी भी मुद्दा नहीं रहती है।

राऊत ने कहा कि बिहार में प्रमुख विपक्षी दल आरजेडी है। कांग्रेस का बिहार में अस्तित्व नहीं है। ऐसी स्थिति में लोगों के मन में अशांका है कि जेडीयू और भाजपा बिहार में एक तरफा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर नजर आ रहा है। लेकिन नीतीश के खिलाफ विपक्ष कितनी मजबूती से खड़ा रहेगा उसी आधार पर चुनावी मुकाबला दिलचस्प होगा। बिहार में शिवसेना के विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर राऊत ने कहा कि मैं इस बारे में आज या फिर शनिवार तक मुख्यमंत्री से बात करूंगा। 

यूपी में फिल्मसिटी से कम नहीं होगा मुंबई का वैभव 

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से नोएडा में फिल्म सिटी बनाने की घोषणा पर राऊत ने कहा कि हम फैसले का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि  मुंबई में ऐसे अनेक कलाकार रहते हैं जो उत्तर प्रदेश से आए हैं। ये कलाकार मुंबई में ऐशोआराम और वैभव छोड़कर उत्तर प्रदेश में नहीं जाएंगे। मुंबई को कोई छोड़ने वाला नहीं है। मुंबई का महत्व और वैभव कभी कोई कम नहीं कर सकता।                     

अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के जेएनयू में जाने के कारण मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा जांच के लिए बुलाए जाने के सवाल पर राऊत ने कहा कि इस बारे में उन्हें बोलना चाहिए। मैं कुछ नहीं बोलूंगा। राऊत ने कहा कि नशा किस क्षेत्र में नहीं है? कई लोगों को पैसे खाने का नशा होगा। कुछ लोगों को ड्रग लेने का नशा होगा पर मुंबई में बॉलीवुड स्थापित करते समय कई लोगों ने खून, पसीना और आंसू बहाए हैं। आप दिग्गज अभिनेता राज कपूर और देवानंद को कहां से लाएंगे। 

कंगना का ऑफिस गिराने से मेरा कोई संबंध नहीं 

राऊत ने कहा कि अभिनेत्री कंगना रनौत के कार्यालय को गिराने के मामले से मेरा कोई संबंध नहीं है। मुंबई मनपा ने कार्रवाई की थी। मैंने केवल अपनी भूमिका व्यक्त की थी। फिर भी मैं अदालत में अपना पक्ष रखूंगा। 
 

Created On :   25 Sep 2020 2:55 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story