इंग्लैंड से आए व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव, जानिए- कोरोना के ताजा आंकड़े

Negative Report of a person Came from England
इंग्लैंड से आए व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव, जानिए- कोरोना के ताजा आंकड़े
इंग्लैंड से आए व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव, जानिए- कोरोना के ताजा आंकड़े

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले 24 घंटों में जिले में 4288 नमूनों की जांच में 320 मरीज आए हैं। 6 की मौत हुई, जिसमें 1 ग्रामीण, 2 शहर और 3 जिले के बाहर के हैं। 398 मरीज डिस्चार्ज किए गए। कुल मरीजों की संख्या 121666, कुल मृतक 3884 और कुल डिस्चार्ज 113705 हो चुके हैं। 

राहत भरी खबर

कोरोना के नए स्ट्रेन को लेकर परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। इंग्लैंड से शहर में आए व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आई है। नंदनवन निवासी यह 28 वर्षीय युवक 29 नवंबर को इंग्लैंड से लौटा था। उसे 17 दिन के आइसोलेशन के निर्देश दिए गए थे। कुछ दिन बाद उसे स्वाद और महक में दिक्कतें होने लगी। कोरोना का लक्षण समझ उसने 15 दिसंबर को जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसने मनपा नियंत्रण कक्ष को सूचना दी। उसे मेडिकल में भर्ती कराया गया। नए स्ट्रेन की जांच के लिए उसका एक सैंपल पुणे भेजा गया, जबकि एक सैंपल की कोराेना जांच मेडिकल में की गई। पुणे से रिपोर्ट आने में दो दिन का समय लग सकता है। मेडिकल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 

इसलिए थी दहशत

चूंकि इसके पहले वह अपने परिवार के भी संपर्क में रहा और किसी शादी समारोह में भाग लेने 13 दिसंबर को गोंदिया भी गया था। 15 दिसंबर तक वह गोंदिया में था। वापस नागपुर पहुंचने के बाद कोरोना जांच में वह पॉजिटिव पाया गया। इसकी जानकारी गोंदिया स्वास्थ्य विभाग को मिलते ही विभाग में हलचल बढ़ गई। इसे गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विवाह समारोह का आयोजन करने वाले, युवक के संपर्क में आने वाले तथा बारात में शामिल होने वाले सभी व्यक्तियों की सूची तैयार कर कोरोना टेस्ट के लिए 24 दिसंबर को विशेष कैंप लगाकर 42 लोगों की आरटीपीसीआर जांच की थी। जानकारी के अनुसार, उसके संपर्क में आने वाले करीब 10 लोग पॉजिटिव हो चुके हैं। साथ ही युवक के संपर्क में आए लगभग 42 लोगों का सैंपल गुरुवार को लिया गया, जिसकी रिपोर्ट दो-एक दिन में आएगी।  

नए स्ट्रेन से प्रभावित देशों से 3 सप्ताह में 75 यात्री पहुंचे नागपुर

कोविड के नए स्ट्रेन से प्रभावित ब्रिटेन, यूरोप व मध्य-पूर्वी देशों से गत 3 सप्ताह में 75 विमान यात्री नागपुर विमानतल पर उतरे। इसमें से 20 से 25 यात्री नागपुर निवासी हैं। अन्य यात्री विदर्भ के अन्य जिलों तथा मध्य प्रदेश के निवासी बताए गए हैं। 

संपर्क सूत्रों की तलाश : मनपा प्रशासन उनसे संपर्क कर रहा है। विदेश यात्रा से आने के बाद कोरोना टेस्ट कराई या नहीं, इसकी पुष्टि की जा रही है। जिन्होंने टेस्ट नहीं कराई, उन्हें टेस्ट के लिए बुलाया गया है। 
अब यह व्यवस्था: कोविड के नए स्ट्रेन से प्रभावित देशों से आने वालों को अब सीधे इंस्टीट्यूशनल क्वारेंटाइन किया जा रहा है। उन्हें होटल में क्वारेंटाइन की व्यवस्था की गई है।
विदेश से लौटे लोगों 

कर रहे संपर्क 

संजय निपाने, अतिरिक्त आयुक्त, मनपा के मुताबिक कोविड के नए स्ट्रेन से प्रभावित देशों से गत 3 सप्ताह में करीब 75 लोग नागपुर विमानतल पर उतरे। इसमें से 20 से 25 नागपुर निवासी हैं। उनके साथ संपर्क कर स्वास्थ्य और टेस्ट की पुष्टि की जा रही है।  
    

Created On :   25 Dec 2020 11:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story