- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- युवक कांग्रेस चुनाव की बिछ गई...
युवक कांग्रेस चुनाव की बिछ गई बिसात, दावेदारों के उभर आए गुट, भीतरी घमासान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भले ही संगठन मामले में भाई भतीजावाद को दूर करने का दावा कर रहे हैं, लेकिन युवक कांग्रेस में लगता नहीं है कि गांधी का दावा सही साबित हो पाएगा। प्रदेश से जिला स्तर पर जिस तरह से युवक कांग्रेस में संगठनात्मक वर्चस्व के लिए जोरआजमाइश लगी है उसमें या तो नेता पुत्र आगे हैं या फिर नेताओं के खास समर्थकों के पुत्रों को स्थान मिल रहा है। सितंबर के दूसरे सप्ताह में ही युवक कांग्रेस का चुनाव है।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पूर्व मंत्री नितीन राऊत के पुत्र कुणाल राऊत व पूर्व मंत्री बालासाहब थोरात के भांजे सत्यजीत तांबे दांव आजमा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 9 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला कुणाल व सत्यजीत के बीच ही बताया जा रहा है। शहर स्तर पर देखा जाए तो अध्यक्ष पद के लिए नेताओं ने अपने अपने समर्थकों को आगे बढ़ा रखा है। खासकर कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे व पूर्व मंत्री नितीन राऊत के समर्थकों के बीच शहर युवक कांग्रेस की कमान हाथ में लेने की जोरआजमाइश चल रही है।
गौरतलब है कि युवक कांग्रेस के चुनाव के लिए 9,10 व 11 सितंबर को मतदान किए जाएंगे। संगठन की ओर से शहर के लिए संजीव खुराणा व विदर्भ के लिए सुधीर चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है। राहुल गांधी ने कहा था कि नियुक्ति के माध्यम से अध्यक्ष चुने जाने पर अक्सर नेताओं के करीबियों को ही मौका मिलता है। इसलिए मतदान के माध्यम से अध्यक्ष चुने जाने चाहिए, लेकिन जब से यह प्रक्रिया आरंभ हुई है, इसमें भी नेता पुत्र ही अधिक ताकत दिखाते रहे हैं। शहर में मतदाता तैयार करने से लेकर मतदान तक रुपयों के बड़े पैमाने पर लेने देन के आरोप भी लगे हैं। शहर युवक कांग्रेस के अध्यक्ष बनने के बाद एक पदाधिकारी ने अन्य दल से चुनाव लड़कर विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर ली। 2011 के संगठनात्मक चुनाव में तत्कालीन मंत्री पतंगराव कदम के पुत्र विश्वजीत कदम ने जीत हासिल की थी। फिलहाल विश्वजीत भी विधायक है। उस चुनाव में दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे सत्यजीत तांबे व कुणाल राऊत इस बार प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए आमने सामने है।
एक मतदाता , पांच मतदान
इस चुनाव के लिए एक मतदाता को पांच पदाधिकारियों के चुनाव के लिए मतदान करना होगा। प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, शहर अध्यक्ष, शहर महासचिव व विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष पर के लिए मतदान किए जाएंगे। उपाध्यक्ष पद के लिए 2 खुला वर्ग के अलावा 1 एससी एसटी, 1 ओबीसी, 1 महिला, 1 अपंग व 1 अल्पसंख्यक प्रतिनिधि होना आवश्यक है। राज्य में 42 लोकसभा क्षेत्रों के लिए 42 सचिव भी चुने जाएंगे।
शहर में हलचल
युवक कांग्रेस के चुनाव के लिए शहर में भी हलचल चल रही है। शहर अध्यक्ष पद के लिए 9 व महासचिव पद के लिए 19 उम्मीदवार हैं। अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों में धीरज पांडे, तौसिफ खान, इरशाद खान, वसीम खान, कविता यादव, विशाल वाघमारे, आकाश गुज्जर, कुणाल पुरी व फरदीन खान शामिल हैं। 3 दिन तक मतदान होगा। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। शहर कांग्रेस के देवडिया भवन व ग्रामीण कांग्रेस के गणेशपेठ स्थित भवन में भी मतदान होगा।
शहर में मतदाताओं की स्थिति
शहर में 12,806 मतदाता मतदान करेंगे। सक्रिय सदस्य बनाए गए इन मतदाताओं को अपना समर्थक मानने का दावा सभी उम्मीदवार व उनके नेता कर रहे हैं। मध्य नागपुर में सर्वाधिक 3694 मतदाता हैं। उत्तर में 3224, पूर्व में 1163, दक्षिण में 2772, दक्षिण पश्चिम 809 व पश्चिम में 1144 मतदाता हैं।
Created On :   30 Aug 2018 3:31 PM IST