- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नई योजना तैयार : आयुर्वेदिक वनस्पति...
नई योजना तैयार : आयुर्वेदिक वनस्पति उद्यान का होगा निर्माण

डिजिटल डेस्क, नागपुर. उद्यानों के सौंदर्यीकरण को लेकर जहां मनपा गंभीर नहीं है, वहीं तुलसीनगर उद्यान को विकसित करने के लिए एक नई योजना तैयार की गई है। यह उद्यान नागपुर का पहला उद्यान होगा जहां आयुर्वेदिक वनस्पतियां लगायी जाएंगी। इसके अलावा इसे बटरफ्लाय प्वाइंट के रूप में भी विकसित किया जाएगा। मनपा सूत्रों के अनुसार हाल ही में राज्य सरकार की अमृत योजना में इस उद्यान को शामिल किया गया है। 25 जून 2017 काे इस उद्यान के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। इसके लिए स्थायी समिति ने भी मंजूरी दे दी है।
उद्यान के विकास के लिए 56 लाख रुपए मंजूर हो चुके हैं। इसी सप्ताह इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाने वाली है। प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू होगा। एक साल में यह काम पूरा किया जाएगा। यहां 12 तरह की आयुर्वेदिक वनस्पतियों के पौधे और बटरफ्लाय को आकर्षित करने के लिए 12 से अधिक वनस्पतियों के पौधे होंगे। इससे पूरा वातावरण प्रदूषण मुक्त रहेगा। इसके अलावा पेड़-पौधों को पानी देने के लिए सिंचाई सिस्टम के फव्वारे, पार्किंग की व्यवस्था, बच्चों के लिए प्ले ग्राउंड आदि का समावेश होगा। उद्यान के बीच बहने वाले नाले का सौंदर्यीकरण किया जाने वाला है। इस नाले पर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाने वाला है। नाले का पानी शुद्ध कर उद्यान के पेड़-पौधों को देने की योजना है। इस तरह यह नागपुर का पहला अनूठा उद्यान होने का दावा किया जा रहा है। अभी इस योजना का खाका ही बना है।
जल्द ही होगा सौंदर्यीकरण
मनपा उद्यान अधीक्षक सुधीर माटे ने बताया कि नागपुर महानगर पालिका अपने उद्यानों के रखरखाव व सौंदर्यीकरण को लेकर सतर्क रहती है। तुलसीनगर उद्यान के सौंदर्यीकरण की योजना बनकर तैयार है। सरकार की अमृत योजना अंतर्गत इसका विकास किया जाने वाला है। इसकी सारी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। यहां आयुर्वेदिक वनस्पति उद्यान बनाने के लिए 56 लाख रुपए की योजना है। कुछ ही दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू किया जाएगा। एक साल में इसका काम पूरा हो जाएगा। नागपुर महानगर पालिका की यह अनूठी और पहली योजना है, जो आयुर्वेदिक थीम पर आधारित है।
Created On :   2 July 2017 3:02 PM IST