- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- ठग आकाश अग्रवाल कहता- मेरे पास...
ठग आकाश अग्रवाल कहता- मेरे पास अकूत दौलत है, वारिस के लिए शादी कर रहा हूं
डिजिटल डेस्क, नागपुर। शादी कर महिलाओं की संपत्ति हड़पने वाले आरोपी अजय भाउराव कुंभारे उर्फ आकाश मनिकलाल अग्रवाल के कारनामों की दास्तान एक के बाद एक खुल रही है। उसने छिंदवाड़ा की एक शिक्षिका से शादी कर उसकी 25 लाख की संपत्ति हड़प ली। आरोपी अजय की पत्नी सविता कुंभारे उर्फ सविता अग्रवाल को बेलतरोड़ी पुलिस गोंदिया से गिरफ्तार कर नागपुर लाई है। पुलिस ने अजय की पीसीआर की समयावधि समाप्त होने पर उसे और सविता को अदालत में पेश कया। अदालत ने कुंभारे दंपति को 5 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
बहन बन कर जाती थी पत्नी
बेलतरोड़ी के थानेदार विजय तलवारे ने बताया कि अजय तलाकशुदा और विधवा महिलाओं को अपने झांसे में लेता था। वह उन महिलाओं से यही कहता था कि उसके पास अकूत दौलत है। उसकी पत्नी की मौत हो गई है। वह वारिस पैदा करने के लिए शादी कर रहा है। उसने यही झांसा छिंदवाड़ा की शिक्षिका को भी दिया और उसे 25 लाख का चूना लगाकर गायब हो गया। आरोपी की तलाश में जबलपुर पुलिस गुरुवार को नागपुर आई थी। जबलपुर में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। आरोपियों का पुलिस रिमांड बढ़ जाने से जबलपुर पुलिस वापस चली गई। अजय जब भी किसी महिला से मिलने जाता था, तब उसकी पत्नी उसके साथ उसकी बहन बन कर जाती थी।
मास्टर माइंड है सविता
सूत्रों के अनुसार अजय नागपुर के जामठा में 21 एकड़ खेती और पुणे में कंपनी होने का झांसा देता था। वह ठाठ-बाट से रहता था। कार से महिलाओं से मिलने जाता था। उसकी शानो-शौकत देखकर महिलाएं यकीन कर लेती थीं कि वह करोड़पति होगा। वह महिलाओं को झांसे में लेने के बाद उनसे शादी करता था। उनके साथ 3-4 महीने रहने के बाद कंपनी व व्यवसाय में घाटा होने का झांसा देकर उनकी दौलत ऐंठने की योजना बनाता था। हवाई जहाज से सफर करता था। उसने कोलकाता की एक महिला को नागपुर के मेट्रो रेल में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे पैसे ऐंठ कर लाया था। उसकी पत्नी सविता मास्टर माइंड है। महिलाओं को बहलाने का काम वही करती थी।
कई पासपोर्ट व बैंक पासबुक जब्त
पुलिस ने अजय की पत्नी सविता के पास से कई पासपोर्ट व बैंक के पासबुक जब्त किया है। सविता को पुलिस ने जिस समय पकड़ा, उस समय वह शहर छोड़ कर भागने की तैयारी में थी। अजय ने महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ के अलावा और कौन से राज्य की महिलाओं के साथ धोखाधड़ी की है। यह पूछताछ भी बेलतरोडी पुलिस कर रही है। पता चला है कि सविता कुंभारे के खिलाफ वर्ष 2006 में कलमना थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। उस मामले में सविता एक बार नागपुर के जेल की हवा खा चुकी है।
पुलिस जब्त करेगी संपत्ति
पुलिस जल्द ही आरोपी अजय और सविता की उन संपत्तियों को जब्त करने वाली है, जिसे दोनों ने पीड़ित महिलाओं से ठगी है। आरोपियों की करतूतों के बारे में बताने से कोई भी कतराता था। गत दिनों एक तलाकशुदा महिला के कारण पुलिस गिरफ्त में आया। उसके बाद इसकी परत दर परत कहानी खुलने लगी है।
Created On :   31 Aug 2018 7:54 AM GMT