- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- समय पर नहीं किया काम, कंपनियों पर ...
समय पर नहीं किया काम, कंपनियों पर मनपा ने लगाया जुर्माना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। समय पर काम नहीं करने पर शहर की संपत्तियों का मूल्यांकन करने वाली साइबरटेक सिस्टम्स एडं सॉफ्टवेयर लिमिटेड पर एक लाख रुपए एवं उसके साथ काम कर रही अनंत टेक्नोलॉजी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना मनपा स्थायी समिति की बैठक में लगाया गया। मनपा की आमसभा में साइबरटेक पर प्रतिदिन 10 हजार रुपए के हिसाब से जुर्माना लगाया था। इस पर विधि सलाहकार ने कहा कि जुर्माना लगाने का निर्णय मनपा अकेले नहीं ले सकती है। उसके लिए एजेंसी की सहमति भी जरूरी है। वहीं, इस बार मनपा ने बिना सलाह साइबरटेक के साथ अनंत टेक्नोलॉजी पर भी जुर्माना ठोक दिया है। साइबरटेक सिस्टम्स एडं साॅफ्टवेयर लिमिटेड का अनुबंध 30 जून 2018 को खत्म हो चुका है। प्रशासन का कहना है कि उनके पास 2 साल का सपोर्ट पीरियड है। मनपा का कहना है कि 68 हजार खुले प्लॉट के अलावा 14 हजार संपत्तियों के मूल्यांकन के लिए यह समयावधि दी गई है।
साइबरटेक के 93 लाख रोके
संपत्ति कर सहायक आयुक्त मिलिंद मेश्राम का कहना है कि साइबरटेक पर 10 हजार रुपए प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाया गया है। इसको ध्यान में रखकर उसके 93 लाख रुपए के बिलों का भुगतान नहीं किया गया है।
क्या कहते हैं आंकड़े
पहले प्रतिवर्ष 165 करोड़ रुपए संपत्ति कर मनपा लगाता था, जबकि संपत्तियों के मूल्यांकन के बाद यह करीब 250 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा। इसमें पिछले साल का एरियर शामिल नहीं होगा। एरियर में 63 करोड़ सरकारी संस्थानों पर, 43 करोड़ रुपए में अपील करने वालों पर और शेष विवादित है। विवादित मामलों को सुलझाने के लिए अलग से सेल बनाई है। अब तक 5.72 लाख संपत्तियों का मूल्यांकन हुआ है और शहर में करीब 6.5 लाख संपत्तियां होने की संभावना है। साइबरटेक के 7.20 करोड़ रुपए में से 5.21 करोड़ रुपए दिए गए हैं।
एरियर पर फोकस
संपत्ति कर के एरियर पर हमारा फोकस है और उसकी वसूली के लिए अलग से सेल बनाई है। इस बार हम पिछली बार की अपेक्षा अधिक संपत्ति कर जमा करेंगे।
- वीरेन्द्र कुकरेजा, स्थायी समिति सभापति
Created On :   22 Feb 2019 12:44 PM IST