जिला अस्पताल की OPD में कुर्सियां खाली, डॉक्टरों को खोजते रहे मरीज

No improvements in treatment system of civil hospital chhindwara
जिला अस्पताल की OPD में कुर्सियां खाली, डॉक्टरों को खोजते रहे मरीज
जिला अस्पताल की OPD में कुर्सियां खाली, डॉक्टरों को खोजते रहे मरीज

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की नियुक्ति के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं आ पाया है। आज भी मरीजों को अस्पताल में इलाज के लिए भटकते देखा जा सकता है। शुक्रवार शाम की OPD में ऐसा ही नजारा सामने आया, जब डॉक्टर ड्यूटी रूम के सामने मरीजों की कतार लगी रही और डॉक्टर नदारद थे। OPD में इलाज के लिए परेशान मरीजों की सुनने वाला अस्पताल में कोई नहीं था। आखिरकार काफी इंतजार के बाद भी जब डॉक्टर नहीं आए तो बिना इलाज के मरीजों को वापस लौटना पड़ा।

OPD के हालात यह थे कि शाम 5.30 बजे तक लगभग सभी डॉक्टरों के कक्ष खाली थे। मेडिकल के डॉक्टर आने से जिलेवासियों को इस बात की राहत थी कि अब इलाज के लिए उन्हें परेशान नहीं होना पड़ेगा।लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों के आने का मरीजों को लाभ नहीं मिल रहा है।

वार्डों में नहीं हो रहे राउंड
जिला अस्पताल में मेडिकल के डॉक्टरों के आने के बाद प्रबंधन ने रोस्टर प्रणाली लागू की है। इसके तहत एक-एक दिन मेडिकल और जिला अस्पताल के डॉक्टरों को OPD एवं वार्डों में भर्ती मरीजों को इलाज देना है। लेकिन इस रोस्टर प्रणाली का पालन नहीं हो रहा है। यहां तक कि डॉक्टरों के बीच आपसी द्वंद छिड़ गया है। इस सबके बीच इलाज के लिए मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। अस्पताल के वार्डों में राउंड ही नहीं हो पा रहे हैं।



मेडिकल के डॉक्टर नहीं दे रहे इलाज-
OPD में मेडिकल के डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। मेडिकल कॉलेज की टाइमिंग के मुताबिक डॉक्टरों को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक सेवाएं देनी है। लेकिन मेडिकल के विशेषज्ञ चिकित्सक जिला अस्पताल की टाइमिंग में दोपहर एक बजे OPD छोड़ देते है। इस वजह से मरीजों को मेडिकल के विशेषज्ञ चिकित्सकों से इलाज नहीं मिल पा रहा है।

क्या कहते हैं अधिकारी
शुक्रवार शाम को तेज बारिश की वजह से डॉक्टर OPD टाइमिंग से लेट आए थे। बाद में सभी डॉक्टर OPD में आ गए थे। अस्पताल आने वाले हर मरीजों को इलाज दिया गया है।
डॉ. सुशील दुबे, आरएमओ, जिला अस्पताल

 

Created On :   9 Jun 2018 7:46 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story