हे पराक्रम के कारक, आप ही सत्य के धारक

भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर शहर में हुए विविध आयोजन, निकली भव्य वाहन रैली हे पराक्रम के कारक, आप ही सत्य के धारक

 

 डिजिटल डेस्क जबलपुर। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर शहर के विभिन्न संगठनों ने कई तरह के धार्मिक-सांस्कृतिक अनुष्ठान आयोजित किए। अनुयाइयों का कहना था कि भगवान परशुराम पराक्रम के कारक रहे और सत्य के धारक भी। कहीं शोभायात्रा निकाली गई तो कहीं हवन-पूजन के अनुष्ठान हुए।

भव्य वाहन रैली निकाली
मप्र प्रगतिशील ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में वाहन रैली श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर गढ़ा से निकाली गई। रैली में संतगण नृसिंह पीठाधीश्वर नरसिंह दास जी महाराज, राघवदेवाचार्य महाराज, स्वामी अखिलेश्वरानंद जी, हनुमान बाग पीठाधीश्वर, महापौर जगत बहादुर अन्नू, भाजपा नगर अध्यक्ष प्रभात साहू, मप्र पर्यटन विकास निगम अध्यक्ष विनोद गोंटिया, डॉ. अभिलाष पांडेय, डॉ. संजय गौतम व निगम अध्यक्ष रिकुंज विज शामिल रहे।रैली मार्ग में सभी के आराध्य भगवान परशुराम का पूजन-अर्चन करने घरों से लोग बाहर उमड़ आए। रैली गुलौआ चौक, बीटी
तिराहा, आनंद कुंज, गढ़ा बाजार, शाही नाका, कछपुरा ब्रिज, यादव कॉलोनी, रानीताल, मालवीय चौक, बड़ा फुहारा, कोतवाली, मिलौनीगंज चौक होते हुए अपने गंतव्य शतक्रतु आश्रम, दमोह नाका में समाप्त हुई। महासभा के प्रदेश संयोजक आशीष त्रिवेदी, नरेन्द्र मिश्रा, अखिलेश दीक्षित, आलोक मिश्रा, बृजेश दुबे आदि मौजूद रहे।

15 फीट का ऊँचा फरसा रहा विशेष आकर्षण
शोभायात्रा मार्ग में 50 से अधिक मंचों से अनेक जातीय व सामाजिक, राजनैतिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर विप्र वृंद का स्वागत किया व भगवान परशुराम का वंदन किया। रैली मैं 15 फीट ऊँचा फरसा आकर्षण का केंद्र रहा।
शोभायात्रा आज
अक्षय तृतीया पर ब्राह्मण महासभा, कैंट द्वारा भगवान परशुराम की भव्य, सौम्य शोभायात्रा 2 अप्रैल को शाम 5 बजे श्री कालीमाई मंदिर सिद्धपीठ से निकाली जाएगी। शोभायात्रा गली नंबर-18, शिव-हनुमत मंदिर, गली-नं. 2 से होते हुए सदर पोस्ट-ऑफिस के पीछे समाप्त होगी। आयोजन समिति के पं. सीताराम कुरचानिया, पं. मनोहर चंसोरिया, पं. शिवचरण दीक्षित, पं. कन्हैया रामकृष्ण तिवारी, पं. प्रणव अवस्थी व पं. मनीष चंसोरिया ने उपस्थिति की अपील की है।
संस्कार सिटी में बनेगा परशुराम-नौ देवी मंदिर
संस्कार सिटी कॉलोनी (कटंगी-दमोह रोड पर) में ऐसा मंदिर बनाने का संकल्प लिया गया है जिसमें नीचे भगवान परशुराम विराजेंगे और ऊपरी मंजिल में जगतजननी माँ भगवती के नौ रूपों की प्रतीक मूर्तियाँ (नौ देवी) स्थापित की जाएँगी। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के दौरान राजेन्द्र तिवारी, पीएल दुबे, रामाधार शर्मा व एमपी चौबे मौजूद रहे।
सार्वभौम ब्राह्मण सभा
सार्वभौम ब्राह्मण सभा रांझी द्वारा भगवान श्री परशुराम के जन्मोत्सव के दौरान समाज, देश के कल्याण की कामना की गई। इस अवसर पर सार्वभौम ब्राह्मण सभा के विष्णु चतुर्वेदी, श्री हरिओम मिश्रा, उमेश पांडे, आरएन चतुर्वेदी व डीएन पांडे मौजूद रहे।
सम्मानित होंगी विभूतियाँ
विभिन्न क्षेत्रों से चयनित विभूतियों को मप्र के प्रथम परशुराम सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान गुंजन कला सदन, सुप्रभातम संस्था और ब्राह्मण एकता मंच द्वारा आयोजित वृहद कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा। चिकित्सा क्षेत्र में पद्मश्री डॉ. एमसी डाबर, पत्रकारिता में वरिष्ठ पत्रकार परमानंद तिवारी एवं विलोक पाठक, खेल क्षेत्र में डॉ. राकेश तिवारी (राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त), शिक्षा में सत्येंद्र जैन -"जग्गू-", कला एवं साहित्य में डॉ. राजेश पाठक -"प्रवीण-" एवं डॉ. अशोक कुमार तिवारी को दिया जाएगा।
जय-जय परशुराम के नारे गूँजे
आलोक नगर लाल मंदिर में अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद महिला प्रकोष्ठ द्वारा परशुराम प्राकट्योत्सव मनाया गया। इस दौरान रागिनी दीक्षित, नमिता तिवारी, साधना शुक्ला व रश्मि शुक्ला मौजदू रहीं।
उमाघाट में पूजन
नमामि देवी नर्मदा सेवा सांस्कृतिक समिति द्वारा उमाघाट में विराजमान भगवान परशुराम जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर मिष्ठान्न वितरण किया गया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सुजीत अवस्थी, हरि शंकर दुबे व शतानंद पंडा मौजूद रहे।

Created On :   22 April 2023 5:57 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story