- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- देवगढ़ की बावलियों को देखने आए...
देवगढ़ की बावलियों को देखने आए नागपुर से अधिकारी

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी नागपुर के प्रशिक्षु अधिकारियों और डीटीए नागपुर के अधिकारियों ने देवगढ़ किले का भ्रमण किया। राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी नागपुर में प्रशिक्षणरत अखिल भारतीय राजस्व सेवा के 70 प्रशिक्षु अधिकारियों और डीटीए नागपुर के 30 अधिकारियों के कुल 100 सदस्यीय दल ने देवगढ़ किले और बावलियों को देखा। गत दिवस म.प्र.टूरिज्म बोर्ड भोपाल और जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सहयोग से सतपुड़ा की सैर एडवेंचर संस्था के माध्यम से जिले के मोहखेड़ विकासखंड में स्थित ग्राम देवगढ़ में किला और लगभग 450 वर्ष पुरानी बावलियों को देखा और उनके संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही देवगढ़ राज्य और राजा जाटवा शाह के इतिहास के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने यहां के इतिहास के विषय में भी जाना। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृृति परिषद के सचिव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरेन्द्र नारायण ने बताया कि भ्रमण दल के सदस्यों का परिषद की ओर से बलराम राजपूत, पुरातत्व विशेषज्ञ नगेन्द्र गढ़ेवाल, शिक्षा विभाग के बीएसी अरविंद भट्ट और शिक्षक अजीत टोप्पो ने स्वागत किया। देवगढ़ की स्थानीय जानकारी देकर देवगढ़ किले का इतिहास बताया और बावलियों का भ्रमण कराया। दल के सदस्यों को स्थानीय संस्कृति ऐतिहासिक धरोहर, जल प्रबंधन की प्राचीन प्रणाली, आदिवासी संस्कृति और परम्पराएं आदि से भी अवगत कराया गया। दल के सदस्यों ने जिला प्रशासन द्वारा ऐतिहासिक जल संरचनाओं के रख-रखाव और जल संरक्षण के लिये किये जा रहे कार्यो एवं इसके लिए अपनाई जा रही प्रक्रियाओं की प्रशंसा की।
Created On :   9 Aug 2021 11:14 PM IST