- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- पर्यटन को बढ़ावा मिलने पर क्षेत्र...
पर्यटन को बढ़ावा मिलने पर क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाएगा, पेंच नेशनल पार्क

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। जिले का आदिवासी बाहुल्य बिछुआ ब्लॉक बिछुआ पूरी तरह से खेती पर निर्भर है। खेती का रकबा भी असिंचित ज्यादा है। ऐेसे में खेती का पूरा दारोमदार बारिश पर निर्भर रहता है। पेंच नेशनल पार्क से बिछुआ और खासतौर पर खमारपानी बेल्ट में रौनक लाई जा सकती है, लेकिन इस ओर अब तक न तो जनप्रतिनिधियों का ध्यान गया है और न ही अधिकारियों ने कोई प्लानिंग या प्रपोजल बनाया है। बिछुआ-खमारपानी के लोगों का कहना है कि पर्यटकों के लिए थुएपानी में पेंच पार्क का गेट खुले तो इसका फायदा क्षेत्र को मिल सकता है।
अभी ये है स्थिति
- ब्लॉक में कृषि का रकबा लगभग 25 हजार हेक्टेयर है। जिसमें बमुश्किल 10 हजार हेक्टेयर सिंचित माना जाता है।
- किसान पूरी तरह से बारिश की फसलों पर निर्भर हैं। बारिश कम हुई तो उन्हें खेती से भी निराशा ही हाथ लगती है।
- ब्लॉक मुख्यालय में सरकारी दफ्तरों को छोड़ दें तो दूसरी निजी संस्थान यहां नहीं पहुंच पाए हैं। मुख्य सड़कों के प्रमुख गांवों के भी यही हाल हैं।
- खेती के अलावा रोजगार के दूसरे साधन नहीं हैं, जिससे युवाओं और मजदूरों को दूसरी जगह की दौड़ लगानी पड़ रही है।
थुएपानी गेट से ये संभावनाएं
- थुएपानी में गेट ओपन होने से पेंच नेशनल पार्क में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
- बिछुआ और खमारपानी समेत थुएपानी के आसपास के दर्जनों गांवों में रौनक बढ़ेगी।
- होटल, रिसोर्ट और ढाबों के खुलने से क्षेत्र के आदिवासियों को रोजगार मिलेगा।
- तोतलाडोह से मतस्याखेट पर रोक लगेगी, ग्रामीण व युवा गाइड के रूप में आमदनी अर्जित कर सकेंगे।
जमतरा गेट का नहीं मिल रहा लाभ
हालांकि पेंच नेशनल पार्क प्रबंधन ने जमतरा में पर्यटकों के लिए गेट खोल रखा है, लेकिन इसका लाभ बिछुआ क्षेत्र को नहीं मिल पा रहा है। कमाझिरी से महज 7 किमी दूरी होने पर जमतरा से पर्यटकों की संख्या कम है। सुविधाएं भी नहीं हैं। अधिकांश पर्यटक चौरई के रास्ते यहां पहुंच रहे हैं।
पर्यटन कारीडोर की संभावना भी
क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि कुकड़ीखापा, शंकर वन और पेंच नेशनल पार्क को जोड़कर एक पर्यटन कारीडोर बनाया जा सकता है। सड़क व रेल मार्ग भी उपलब्ध है। टे्रन से भंडारकुंड उतरकर पर्यटक आसानी से पहुंच सकते हैं। वहीं खमारपानी होते हुए स्टेट हाइवे का निर्माण भी जारी है।
पेंच में पर्यटकों की स्थिति
वर्ष 2017 में पेंच पार्क में कुल 78235 पर्यटक पहुंचे। जिसमें 70730 देशी और 7505 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। इसमें जमतरा गेट से कुल 888 पर्यटक पेंच पार्क में प्रवेश हुए। जिसमें देशी 751 और विदेशी 137 पर्यटक पहुंचे। जमतरा से सुबह 5 व शाम को 5 वाहन पार्क में प्रवेश कराए जाने की व्यवस्था है।
Created On :   6 May 2018 2:33 PM IST