सांझी विरासत बचाओ: मोदी सरकार पर बरसे विपक्षी नेता, कांग्रेस की गलतियां गिनाईं

opposition targeted bjp in sanjhi virasat bachao program
सांझी विरासत बचाओ: मोदी सरकार पर बरसे विपक्षी नेता, कांग्रेस की गलतियां गिनाईं
सांझी विरासत बचाओ: मोदी सरकार पर बरसे विपक्षी नेता, कांग्रेस की गलतियां गिनाईं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शुक्रवार को ‘सांझी विरासत बचाओ’ सम्मेलन में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के बागी नेता शरद यादव ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आगामी 8 नवंबर को नोटबंदी के एक साल पूरे होने पर काला धन विरोधी दिवस मनाए जाने की आलोचना करते हुए कहा है कि सरकार विपक्ष को धमकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने गुंडों को सड़कों पर उतार कर नोटबंदी के खिलाफ विपक्षी दलों के काला दिवस आंदोलन को दबाना चाहती है। लेकिन हमारे लिए यह आर-पार की लड़ाई है। शरद ने कहा कि मेरी देश भर के नौजवानों से अपील है कि यदि भाजपा सड़कों पर रोकने की कोशिश करे तो आर-पार की लड़ाई लड़े। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार सत्ताधारी दल आंदोलन कर रहा है जबकि आंदोलन करने का अधिकार विपक्ष का है। कांग्रेस इतने लंबे समय तक सत्ता में रही लेकिन कांग्रेस के जमाने में मैंने ऐसा अंधेर नहीं देखा। 

विपक्ष को विरासत बचाने की नौबत आई

भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए को छोड़कर पहली बार विपक्ष के मंच पर स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष सांसद राजू शेट्टी ने कांग्रेस की फजीहत कर दी। शेट्टी ने कहा कि मैं कड़वा सच बोलूंगा। कांग्रेस के कारण ही विपक्ष को विरासत बचाने की नौबत आई है। देश में शेट्टी ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में हम जब आंदोलन करते थे, तो कांग्रेस ने भाजपा के साथ मिलकर हमें दबाने की कोशिश की। हम तो खत्म हो गए लेकिन कांग्रेस भी इतनी बुरी हालत में आ गई कि इतनी खराब हालत कभी नहीं रही। 

काम निकलने के बाद पहचानती नहीं कांग्रेस: आजमी

इससे बाद समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने भी कांग्रेस को घेरा। आजमी ने कहा कि कांग्रेस का काम निकल जाता है, तो हमको पहचानती नहीं। आजमी ने कहा कि महाराष्ट्र में विपक्ष ने कर्जमाफी के लिए एकजुट होकर आंदोलन किया। फिर ग्राम पंचायत चुनाव से पहले बिखर गया। आजमी ने कहा कि इस स्थिति में जनता हमारे बारे में क्या सोचेगी। आजमी ने शरद यादव से कहा कि आपको सम्मेलन बुलाने से पहले विपक्ष के नेताओं को बुला कर एकजुट करना चाहिए।

कांग्रेस से हुई गलतियां: निरुपम 

कांग्रेस की हुई आलोचना के बाद मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम ने कहा कि यूपीए सरकार के समय कांग्रेस से गलतियां हुई थीं। लेकिन हममें अब बदलाव आ रहा है। निरूपम ने कहा कि मुझे खुशी है कि शेट्टी महज तीन साल में ही मोदी को पहचान गए। अब वे विपक्ष के साथ हैं, तो कांग्रेस उनका सम्मान करेगी।

Created On :   27 Oct 2017 6:24 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story