नागपुर की 578 इमारतों का कटेगा बिजली-पानी कनेक्शन, राज्यमंत्री करेंगे अस्पताल का दौरा

Orders to cut power and water connection of 578 buildings of Nagpur
नागपुर की 578 इमारतों का कटेगा बिजली-पानी कनेक्शन, राज्यमंत्री करेंगे अस्पताल का दौरा
नागपुर की 578 इमारतों का कटेगा बिजली-पानी कनेक्शन, राज्यमंत्री करेंगे अस्पताल का दौरा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नागपुर में अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन न करने वाली 578 इमारतों के बिजली और पानी कनेक्शन काटने के आदेश महानगर पालिका के अग्निशमन विभाग ने दिए हैं। विधान परिषद में एक लिखित सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि नागपुर मनपा के संबंधित विभाग की तरफ से 1940 इमारतों की जांच की गई। इसमें 634 इमारतों ने अग्निशमन उपाय योजना के लिए अंतिम एनओसी लिया है। जबकि 856 इमारतों को अग्निसुरक्षा व जीवन संरक्षक अधिनियम के तहत चरणबद्ध तरीके से नोटिस दिया था। इसके बावजूद 578 इमारतों द्वारा नियमों का पालन नहीं किए जाने के कारण बिजली और पानी कनेक्शन काटने के आदेश दिए गए हैं। जबकि 278 इमारतों के पास नोटिस के तहत कदम उठाने के लिए समावधि अभी बाकी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नागपुर शहर में नामचीन 47 मंगल कार्यालय और 53 होटल ने अग्निशमन विभाग से प्रथम एनओसी हासिल किया है। जिसमें से 10 मंगल कार्यालय और 10 होटल मालिकों ने अंतिम एनओसी भी ले लिया है। जबकि 37 मंगल कार्यालय और 43 होटल मालिकों को अंतिम एनओसी देने की कार्यवाही मनपा के अग्निशमन विभाग द्वारा शुरू है। 

सरकारी अस्पकाल का दौरा करेंगे राज्यमंत्री 

नागपुर के सरकारी वैद्यकीय महाविद्यालय और अस्पताल के चिकित्सकीय कचरे के निस्तारण के बेहतर व्यवस्था के लिए प्रदेश के मेडिकल शिक्षा राज्यमंत्री रवींद्र चव्हाण बजट सत्र के बाद अस्पताल का दौरा करेंगे। मंत्री चव्हाण विधान परिषद सदस्य नागो गाणार, गिरीश व्यास और अनिल सोले को लेकर अस्पताल परिसर का मुयाना करने जाएंगे। बुधवार को विधान परिषद में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह जानकारी दी। गाणार ने आरोप लगाया था कि कचरा उठाने के लिए नियुक्त सुपर हाइजेनिक कंपनी रोजाना कचरा नहीं उठाती। अस्पताल परिसर के आसपास रहने वालों को कचरे से काफी परेशानी होती है।

राज्य के लिए बनेगी हवाई परिवहन नीति 

केंद्र सरकार की राष्ट्रीय विमान परिवहन नीति के तहत चलाई जा रही उड़ान योजना में प्रदेश के अमरावती, गोंदिया, नाशिक, जलगांव, नांदेड़, सोलापुर, कोल्हापुर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिले को शामिल किया गया है। प्रदेश के एक शहर को दूसरे शहर को जोड़ने के लिए उड़ान योजना के तहत नांदेड़- हैदराबाद-नांदेड़, नांदेड़-मुंबई-नांदेड़, जलगांव-मुंबई-जलगांव, नाशिक-मुंबई-नाशिक और नाशिक-पुणे-नाशिक हवाई सेवा शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि उड़ान योजना को लागू करने के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के बीच सामंजस्य करार हुआ है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में हवाई परिवहन नीति तैयार करने की कार्यवाही शुरू है। कांग्रेस सदस्य आनंदराव पाटील ने इस बारे में सवाल पूछा था।

औरंगाबाद में किराए संबंधी प्रस्ताव पर अमल नहीं

औरंगाबाद महानगर पालिका ने सिडको एन-9 स्थित स्कूल की इमारत को अत्रिणी बहुउद्देश्यीय शैक्षणिक संस्था को किराए पर देने संबंधित प्रस्ताव को प्रशासकीय मान्यता न मिलने के कारण उस पर अमल नहीं हो सका है। विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि मनपा की जगह को किराए पर देने के लिए औरंगाबाद मनपा की आमसभा में 20 जुलाई 2017 को प्रस्ताव पास किया गया था। मनपा सदस्यों ने गैर सरकारी प्रस्ताव पेश किया था। जिसको आमसभा में मंजूर किया गया था। राष्ट्रवादी कांग्रेस सदस्य सतीश चव्हाण, विक्रम काले और अमरसिंह पंडित और अब्दुल्लाखान दुर्राणी ने सवाल पूछा था।

 

Created On :   28 Feb 2018 2:56 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story