- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- जिले में भी श्वानों को तेजी से चपेट...
जिले में भी श्वानों को तेजी से चपेट में ले रहा पार्गो वायरस

डिजिटल डेस्क ,शहडोल ।कोरोना संक्रमण अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है वहीं दूसरी ओर पार्गो वायरस ने चिंता बढ़ा दी है। हालांकि यह वायरस इंसानों के लिए घातक नहीं है लेकिन श्वानों में यह तेजी से फैल रहा है। जिले में भी अनेक श्वान इसकी चपेट में आते जा रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यह इतना घातक है कि यदि ४८ घंटे के भीतर उपचार नहीं मिला तो श्वान की जान जा सकती है। शहर में भी पार्गो वायरश की चपेट में आने से लगातार कुत्ते बीमार हो रहे हैं, जिससे उनकी जान का खतरा बना हुआ है। बताया गया है कि पार्गो ऐसी जानलेवा बीमारी है जो कि जानवरों में बहुत ही घातक साबित होती है। इसके लक्षण इस प्रकार हैं कि कुत्ते पहले दिन से ही भोजन छोड़ देते हैं। उनके अंदर उल्टी और दस्त की समस्या लगातार बनी रहती है। पशु चिकित्सकों की माने तो 48 घंटे के अंदर चेकअप या इलाज ना करवाने से उनकी जान जा सकती है। यह बीमारी जानवरों में ही फैलती है, इंसानों के जीवन में इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं होता।
डॉ. वीवीएस चौहान उप संचालक पशु चिकित्सा ने बताया कि पशुओं में मौसम में बदलाव के कारण संक्रामक बीमारियां फैलती हैं। कुत्तों में पार्गो नामक बीमारी का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। उल्टी, बुखार के कारण भोजन छोड़ देते हैं और कमजोरी के कारण उनकी मौत हो जाती है। समय से उपचार नहीं हुआ तो अन्य कुत्ते भी संक्रमित हो सकते हैं। अस्पताल में प्रतिदिन 10 से 12 कुत्ते ऐसे पहुंच रहे हैं जिनमें पार्गो वायरस के लक्षण हैं। ठीक तरह से केयर करने पर इससे बचा जा सकता है। वैक्सीन भी आती है जिसे पालतू कुत्तों को लगाना चाहिए।
Created On :   18 Feb 2022 3:21 PM IST