- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- 60 फीट गहरी खाई में गिरी बस, तीन...
60 फीट गहरी खाई में गिरी बस, तीन यात्रियों की मौत, 54 से ज्यादा घायल

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा के ग्राम छुई से नरसिंहपुर के बरमान घाट से खारी विसर्जन कर लौट रहे ग्रामीणों से भरी बस दुल्हादेव घाटी पर अनियंत्रित होकर लगभग 60 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस घटना में एक बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई। वहीं दो लोगों ने अस्पताल ले जाते समय रास्तेे में दम तोड़ दिया। इस सड़क हादसे में 54 यात्रियों के घायल होने की खबर है। घायलों को अमरवाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें 12 लोगों की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है।
तेज रफ्तार जा रही थी बस
घायलों ने बताया कि बस चालक घाट पर तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था, जिसकी वजह से अनियंत्रित होकर एक मोड़ पर बस पलट गई। बस लगभग 60 फीट गहरी खाई में गिरी थी, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि ग्राम छुई से वर्मा परिवार के साथ खारी लेकर गांव के लोग रविवार सुबह बरमान गए थे। शाम को यहां से लौटते वक्त बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही विधायक कमलेश शाह, कलेक्टर डॉ श्रीनिवास शर्मा और पुलिस अधीक्षक मनोज राय अमरवाड़ा अस्पताल पहुंच गए थे।
बस के नीचे दबने से मौत
बताया जा रहा है कि बस में लगभग 60 लोग सवार थे। अनियंत्रित होकर सीधे लगभग 60 फीट गहरी खाई में गिरी बस के नीचे दबने से 70 वर्षीय अंजनलाल पिता तान सिंह पटेल की मौके पर मौत हो गई। वहीं 60 वर्षीय भीकम पिता नोखे और 60 वर्षीय सदाराम पिता भुवनलाल को बस के नीचे से निकालकर अस्पताल लाया जा रहा था। जिनकी रास्ते में मौत हो गई। वहीं घायलों में बच्चे भी शामिल हैं।
कूदकर बचाई जान
घाट पर अनियंत्रित होकर बस खाई में गिरी तो कुछ लोगों ने बस से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। घायल में अधिकांश बुजुर्ग हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस के नीचे दबे घायलों को निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बस दुर्घटना में घायल लोगों को जब अमरवाड़ा अस्पताल लाया गया। तो यहां घायलों की चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर घायलों के परिजन भी पहुंच गए थे। अमरवाड़ा अस्पताल में पांच डॉक्टरों की टीम ने घायलों को इलाज दिया और गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया।
मृतकों और घायल परिवार को दी मदद
घटना स्थल पर पहुंचे कलेक्टर श्रीनिवास शर्मा ने बताया कि बस दुर्घटना में मृतक के परिवारों को 15 हजार रुपए और घायलों को साढ़े सात हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है। वहीं चिकित्सकों को घायलों के बेहतर इलाज के लिए कहा गया है। अमरवाड़ा से सिवनी रूट की यह बस 60 ग्रामीणों को लेकर स्पेशल बरमान गई थी। नरसिंहपुर के बरमान का परमिट बस संचालक के पास है या नहीं, इसकी जांच परिवहन विभाग कर रहा है। परमिट न होने पर परिवहन विभाग द्वारा संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
Created On :   25 March 2019 10:59 PM IST