पटोले बोले - तीनों दल एकजुट होकर करेंगे मोदी सरकार का मुकाबला

Patole said - the three parties will unite and fight the Modi government
पटोले बोले - तीनों दल एकजुट होकर करेंगे मोदी सरकार का मुकाबला
राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा   पटोले बोले - तीनों दल एकजुट होकर करेंगे मोदी सरकार का मुकाबला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि महाराष्ट्र के सत्ताधारी तीनों दल एकजुट हैं। केंद्र सरकार चाहे जितना केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर ले पर यह आघाडी सरकार गिरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि हम एकजुट होकर मोदी सरकार का मुकाबला करेंगे। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री पल्लम राजू की मौजूदगी में कांग्रेस के सभी मंत्रियों, विधायकों, लोकसभा व विधानसभा चुनाव लड़ने वाले पार्टी उम्मीदवारों की बैठक हुई। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में पटोले ने कहा कि बैठक में डिजीटल सदस्यता अभियान के अलावा राज्य की राजनीतिक परिस्थिति को लेकर चर्चा हुई। पटोले ने कहा कि महा विकास आघाडी सरकार की स्थापना बहुत संघर्ष के बाद हुई है। हम सब शिवसेना सांसद संजय राऊत के साथ खड़े हैं। 

10 मार्च के बाद कांग्रेसी मंत्रियों का जनता दरबार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटोले ने कहा कि कोरोना संकट अब धीरे-धीरे कम हो रहा है और जनजीवन सामान्य हो रहा है। कोरोना ने सरकार और पार्टी के काम पर कई तरह की पाबंदियां लगा दीं थी। लेकिन अब मरीजों की संख्या घटती जा रही है। इस लिए आगामी 10 मार्च के बाद से कांग्रेस के मंत्रियों का जनता दरबार शुरु होगा। कांग्रेस के मंत्री जिलों-जिलों में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे। मुंबई के प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में भी मंत्रियों का जनता दरबार आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 10 मार्च के बाद सरकार और पार्टी के कामकाज में कई तरह का बदलाव किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री की सेहत की वजह से नागपुर की बजाय मुंबई में अधिवेशन

पटोले ने कहा कि हमारी भी इच्छा थी कि विधानमंडल का बजट सत्र नागपुर में हो पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अभी बीमारी से उबरे हैं। इसलिए, अधिवेशन नागपुर के बजाय मुंबई में आयोजित जा रहा है। यदि वह अधिवेशन के समय मुख्यमंत्री पूरी तरह स्वस्थ्य हो गए तो अधिवेशन का स्थान बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि अधिवेशन कहां हो यह महत्वपूर्ण नहीं है। विदर्भ के मसले सुलझने चाहिए। महाविकास अघाड़ी सरकार ऐसे निर्णय लेगी जो विदर्भ और मराठवाड़ा के लोगों के हित में होगा। हमने मुख्यमंत्री से मराठवाड़ा और विदर्भ में औद्योगिक उपयोग के लिए बिजली बिल की सब्सिडी जारी रखने और कृषि पंपों के लिए प्रतिदिन 12 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान करने का अनुरोध किया है। कांग्रेस नेता ने देवेंद्र फडणवीस का नाम लिए बगैर कहा कि जब विदर्भ के मुख्यमंत्री थे तब विदर्भ का विकास नहीं हुआ। विधान भवन पानी में डूब गया था। उन्हें विदर्भ के विकास की चिंता नहीं करनी चाहिए। महा आघाडी विदर्भ-मराठवाडा के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। 

कांग्रेस को बजट सत्र में विधानसभा अध्यक्ष चुनाव की उम्मीद

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने उम्मीद जताई है कि 3 मार्च से शुरु हो रहे विधानमंडल के बजट सत्र में विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव हो जाएगा। पटोले ने कहा कि इस बार अध्यक्ष के चुनाव में कोई अड़चन नहीं आएगी। विधानसभा अध्यक्ष चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के बाद पार्टी हाईकमान उम्मीदवार घोषित करेगा। 

गौरतलब है कि पिछले साल फरवरी में नाना पटोले ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने के लिए विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। तभी से यह पद रिक्त है। कांग्रेस की कोशिशों के बावजूद विधानसभा अध्यक्ष चुनाव नहीं हो सका है।  

Created On :   16 Feb 2022 3:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story