- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- ठेकेदार बदलते ही पेमेंट रुका, आउट...
ठेकेदार बदलते ही पेमेंट रुका, आउट सोर्सिंग के 145 कामगारों को नहीं मिला वेतन

डिजिटल डेस्क, नागपुर. महावितरण महल विभाग के अंतर्गत आउट सोर्सिंग के माध्यम से काम कर रहे 145 कामगारों को ठेकेदार बदलते ही पेमेंट के लाले पड़ गए हैं। कामगारों को अप्रैल महीने से वेतन नहीं मिला है। पीड़ित कामगारों ने महावितरण के सर्कल आॅफिस जाकर निवेदन दिया। शीघ्र ही वेतन मिलने का भरोसा दिया गया है। शीघ्र वेतन नहीं मिला तो कामगारों ने विद्युत व्यवस्था पर प्रतिकूल असर होने की चेतावनी दी है। महावितरण के शहर में 5 विभाग हैं। महाल विभाग में बिजली के रखरखाव, मेंटेनेंस व दुरुस्ती की जिम्मेदारी फिलहाल विद्युत क्षेत्र सांगली को मिली है। दत्ता पाटील इसे चलाते हैं। नागपुर में भीषण गर्मी पड़ रही है आैर बिजली गुल की समस्या का निपटारा करने के लिए कामगारों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहना पड़ता है। बिजली गुल होने पर उपभोक्ता आक्रोषित होते हैं और बिजली आपूर्ति शीघ्र पूर्ववत करना किसी चुनौती से कम नहीं है। महावितरण महाल विभाग में कार्यरत 145 ठेका कामगारों को अप्रैल महीने से वेतन नहीं मिला है। पहले यह जिम्मेदारी जी. ए. डिजिटल पर थी। कामगारों ने महावितरण के गड्डीगोदाम स्थित सर्कल आॅफिस में मानव संसाधन (एचआर) हेड के अमित पेडेकर से भेंट की और अपनी व्यथा बताई। ठेकेदार बदलने से जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं होने से वेतन लटकने का जवाब मिला। शीघ्र ही वेतन बैंक खाते में जमा होने का भरोसा दिया गया है। कामगारों को वेतन समय पर मिले, यह जिम्मेदारी एचआर हेड की भी होती है। कामगारों ने चेताया कि शीघ्र वेतन नहीं मिला तो विद्युत व्यवस्था का काम प्रभावित हो सकता है।
Created On :   28 May 2022 7:13 PM IST