- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पानी के लिए तरस रहे लोग,करोड़ों की...
पानी के लिए तरस रहे लोग,करोड़ों की सामग्री में लग रहा जंग

चंद्रशेखर पोलकोंडवार,नागपुर। जनता की प्यास बुझाने शहर सहित आसपास क्षेत्र में बोरवेल बनाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। बोरवेल का काम शुरू भी हो चुका है लेकिन जिस गति से कार्य होना चाहिए उस गति से होता नहीं दिख रहा है लिहाजा ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में करोड़ों रुपए खर्च कर लाई गई सामग्री खुले में पड़ी हुई है जिसके जंग लगने की संभावना बनी हुई है।
करोड़ों रुपए हो रहे खर्च
लोगों के लिए बोरवेल की व्यवस्था करने वाला ग्रामीण जलापूर्ति विभाग 29 मार्च 2018 से 6 तहसीलों के ग्रामीण इलाकों में बोरवेल लगाने में लगा हुआ है। एक बोरवेल पर 1 लाख 3 हजार रुपए से अधिक खर्च हो रहा है। ग्रामीण जलापूर्ति विभाग द्वारा करोड़ों रुपए खर्च कर बोरवेल के लिए सामग्री खरीदी गयी है। इस विभाग के पास लगभग 1 हजार बोरवेल लगाने की सामग्री है जिसकी फिलहाल जरूरत ही नहीं है। जिलाधिकारी द्वारा कुही, हिंगणा, नागपुर ग्रामीण, उमरेड व भिवापुर में जलसंकट दूर करने के लिए 273 बोरवेल लगाने को मंजूरी दी गई है।
इसमेें 184 बोरवेल लगा दिए गए हैं और 62 बोरवेल में हैंडपंप लगाकर उन्हें शुरू कर दिया गया है। शेष बोरवेल भी जल्द शुरू करने का दावा किया जा रहा है। इसके बावजूद ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के पास उपलब्ध सामग्री का भंडार देखकर यही लगता है कि इसे अनावश्यक रूप से जमा किया गया है। बारिश में जंग लगने से यह खराब हो सकता है। इस विभाग के पास पुरानी जंग लगी सामग्री भी है जो धीरे-धीरे सड़ती जा रही है और शासन को करोड़ों का चूना लग रहा है।
शीघ्र लगा दिए जाएंगे सभी बोरवेल
जिला परिषद के पास 500 से अधिक बोरवेल लगाने की पूरी सामग्री उपलब्ध है। जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा इस वर्ष 273 बोरवेल मंजूर किए गए थे जिसमें से 184 बोरवेल लगा दिए गए हैं। इनमें से 62 बोरवेल शुरू भी कर दिए गए हैं। हमारे पास 2 ही कनिष्ठ अभियंता हैं जो हैंडपंप लगाने के लिए सर्वेक्षण कर रिपोर्ट पेश करने का दायित्व निभा रहे हैं। बोरवेल लगाने का कार्य 29 मार्च से शुरू हुआ तथा आगामी कुछ दिनों में सभी 273 बोरवेल का काम संपन्न हो जाएगा। जिलाधिकारी द्वारा और बोरवेल लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के बाद बची सामग्री का उपयोग वहां किया जाएगा। (नीलेश मानकर उप-अभियंता, जिला परिषद, नागपुर)
Created On :   24 April 2018 4:27 PM IST