सस्ती अरहर दाल के लिए करना होगा इंतजार

People have to wait more for getting cheap arhar dal by govt
सस्ती अरहर दाल के लिए करना होगा इंतजार
सस्ती अरहर दाल के लिए करना होगा इंतजार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य सरकार ने राशन दुकानों से जनता को 35 रुपए प्रति किलो के हिसाब से अरहर दाल देने की घोषणा कर दी है, लेकिन इस पर अमल होने में थोड़ा समय लग सकता है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने जनता को 35 रुपए किलो के हिसाब से अरहर दाल देने का निर्णय मंत्रिमंडल की बैठक में लिया है। राज्य के अलावा पूरे देश में अरहर का बंपर उत्पादन हुआ है। इसी कारण सरकार फिलहाल राशन दुकानों से 55 रुपए प्रति किलो के हिसाब से अरहर दाल बेच रही है। यह दाल कोई भी कितनी भी खरीद सकता है। इसे बहुत ज्यादा प्रतिसाद नहीं मिल रहा।

सरकार की घोषणा का असर
सरकार द्वारा 35 रुपए किलो की दर से अरहर दाल बेचने का निर्णय का लोगों पर खासा असर हुआ है। लोग अब उस दिन का इंतजार कर रहे हैं, जब राशन दुकानों से इतने सस्ते दाम पर दाल मिलना शुरू होगी। मंत्रिमंडल में हुए निर्णय का आदेश फिलहाल जिला प्रशासन तक नहीं पहुंचा है। आदेश पहुंचने के बाद ही जिला प्रशासन आगे की प्रक्रिया कर सकता है। फिलहाल खाद्यान्न विभागों के गोदामों में अरहर दाल का बंपर स्टाक पड़ा है आैर यह दाल 55 रुपए किलो की दर से बेची जा रही है। राशन दुकानदार को प्रति किलो 3 रुपए कमिशन दिया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार पहले यह स्टाक खत्म किया जाएगा। इसके बाद सरकार से जो आदेश मिलेगा, उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। सरकारी आदेश नहीं आने से जिला प्रशासन फिलहाल इस पर प्रतिक्रिया देने की स्थिति में नहीं है। जिला प्रशासन का कहना है कि, निर्णय स्वागत योग्य है, लेकिन अभी तक इस संबंध में आदेश नहीं मिला है। आदेश मिलने के बाद इस रेट पर दाल खरीदी जाएगी आैर राशन दुकानों से दाल बेचने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

आदेश मिलते ही अमल 
जिला प्रशासन का कहना है कि, मंत्रिमंडल के निर्णय की जानकारी मिली है। अभी तक इस संबंध में आदेश नहीं मिला है। राज्य में दाल की कोई कमी नहीं है। एक व्यक्ति को कितनी दाल देना, किस वर्ग को देना इस बारे में अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं हुआ है। आदेश मिलते ही उस पर अमल किया जाएगा। फिलहाल 55 रुपए की दर से राशन दुकानों से दाल बेची जा रही है आैर यह दाल कोई भी कितनी भी खरीद सकता है।

Created On :   2 Jun 2018 4:32 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story