कांग्रेस अध्यक्ष के सवालों का जवाब नहीं दे पाए प्रधानमंत्री : अविनाश पांडे

PM failed to answer the questions of Congress President : Avinash Pandey
कांग्रेस अध्यक्ष के सवालों का जवाब नहीं दे पाए प्रधानमंत्री : अविनाश पांडे
कांग्रेस अध्यक्ष के सवालों का जवाब नहीं दे पाए प्रधानमंत्री : अविनाश पांडे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी व पूर्व राज्यसभा सदस्य अविनाश पांडे ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी भी मामले पर गंभीर जवाब नहीं दे पा रहे हैं। सरकार के विरोध में अविश्वास प्रस्ताव की चर्चा में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सुलझे हुए विचार रखे। प्रधानमंत्री से सवाल किए, लेकिन प्रधानमंत्री सवालों के जवाब नहीं दे पाए। नागपुर से चुनाव लड़ने के मामले पर श्री पांडे ने साफ कहा है कि फिलहाल यहां से कोई चुनाव लड़ने का इरादा नहीं है।

राजस्थान में सत्ता में लौटेंगे
दैनिक भास्कर से चर्चा में श्री पांडे ने विश्वास जताया कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार सत्ता में लौटेगी। कांग्रेस में अखिल भारतीय स्तर पर संगठनात्मक पुनर्गठन किया जा रहा है। श्री पांडे को सदस्य नियुक्त किया गया है। इस मामले पर उन्होंने कहा कि संगठन में उन्हें समय समय पर विविध जिम्मेदारियां मिलती रही हैं। फिलहाल राजस्थान में संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी उसे पूरा करेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने लोकसभा में जो सवाल रखे वे काफी महत्वपूर्ण थे। जीएसटी, राफेल, प्रचार पर खर्च के अलावा किसी भी गंभीर सवाल पर प्रधानमंत्री ने जवाब नहीं दिए। राजस्थान में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सत्ता में लौटना तय है। वहां मुख्यमंत्री कौन होगा इस विषय पर राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के चुने हुए विधायक निर्णय लेंगे।

जनता चाहती है परिवर्तन
सचिन पायलट व अशोक गहलोत के नेतृत्व पर उन्होंने कहा कि दोनों एक-एक मिलकर दो नहीं बल्कि 11 के बराबर हैं। भाजपा के मौजूदा 20 विधायक कांग्रेस के संपर्क में है। राजस्थान में हर वर्ग सत्ता परिवर्तन चाहता है। किसानों को बीज नहीं मिल रहा है, उनका कर्ज माफ नहीं किया जा रहा है। किसान खेतों में बुआई से वंचित हैं। उद्योग व्यापार जगत की स्थिति भी ठीक नहीं हैं। कांग्रेस सरकार के समय भामाशाह स्वास्थ्य योजना चलायी जा रही थी। उसे बंद कर दिया गया है। राजस्थान में आसपास के राज्यों से भी मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। अब स्वास्थ्य व्यवस्था गड़बड़ायी हुई है। सड़कों का निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा है। अघोषित आपातकाल लगा हुआ है। राज्य को केंद्र से सहायता निधि नहीं मिल पा रही है। घोषित योजनाओं पर अमल नहीं हो पा रहा है। 

Created On :   21 July 2018 2:42 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story