छापा : अवैध बूचड़खानों से मांस जब्त, जुआ अड्‌डे से 18 जुआरी गिरफ्तार, मेडिकल स्टोर्स पर भी कार्रवाई

Police raid: Meat seized from illegal slaughterhouses, Accused arrested
छापा : अवैध बूचड़खानों से मांस जब्त, जुआ अड्‌डे से 18 जुआरी गिरफ्तार, मेडिकल स्टोर्स पर भी कार्रवाई
छापा : अवैध बूचड़खानों से मांस जब्त, जुआ अड्‌डे से 18 जुआरी गिरफ्तार, मेडिकल स्टोर्स पर भी कार्रवाई

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अपराध शाखा पुलिस विभाग की यूनिट 5 ने कोराडी महादुला क्षेत्र में दो मेडिकल स्टोर्स पर छापा मारा। दोनों मेडिकल स्टोर्स में अधिक कीमत पर मास्क बेचने की जानकारी पुलिस को मिली थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार यूनिट 5 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनोद पाटील को गुप्त सूचना मिली कि दुर्गा मेडिकल स्टोर्स , शिवाजीनगर महादुला कोराडी व शर्मा मेडिकल स्टोर्स , शिवाजी नगर, महादुुला कोराडी में अधिक कीमत पर मास्क बेचा जा रहा है। पुलिस दस्ते ने दोनोें मेडिकल स्टोर्स पर छापा मारा। दो प्लाय का मास्क 8 रू व तीन प्लाॅय का मास्क 10 रूपए कीमत शासन ने तय की है। इन दोनों मेडिकल स्टोर्स में यह मासक अधिक दाम पर बेचा जा रहा है। पुलिस ने दोनों मेडिकल स्टोर्स के संचालक पर धारा 6(1),9(1) व 18(2) के तहत कार्रवाई की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

अवैध बूचड़खानों से लाखों का मांस जब्त

सक्करदरा पुलिस ने बडा ताजबाग परिसर में अलग – अलग स्थानों पर चल रहे बूचडखानों पर छापा मारा। यहां से लाखों रुपए का मांस जब्त किया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी शेख हसन कुरेशी, राजा उर्फ दानिश कुरेशी, शेख इसराइल, तौफिक अहमद, शेख रशीद कुरेशी, शेख ताज कुरेशी और शेख निसार कुरेशी को धरदबोचा। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 5 जीवित जानवरों को छुडाया। यह सभी आरोपी अपने – अपने अवैध बूचडखानों में मांस को बेच रहे थे। इन सभी आरोपियों के खिलाफ सक्करदरा  पुलिस ने मामला दर्ज किया है। लॉकडाउन शुरू होने के बाद भी यह आरोपी उसकी अनदेखी कर मांस बेचने का काम कर रहे थे। पुलिस ने इन सभी आरोपियों से दो मोटरसाइकिलें, 20 हजार रुपए का बडा फ्रीज सहित करीब 4 लाख 45 हजार रुपए का माल जब्त किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह  कार्रवाई सक्करदरा के वरिष्ठ थानेदार अजीत सिद ने सहयोगियों के साथ मिलकर की। 

क्लब में चल रहे जुआ अड्‌डे पर छापा

उधर अजनी क्षेत्र के  बाबुलखेडा स्थित फूलसिंग नाईक क्रीडा मंदिर क्लब में चल रहे जुआ अड्‌डे पर पुलिस ने छापा मारा। यहां से 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। इन जुआरियों से नकदी, मोबाइल, कार सहित करीब  8 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। चर्चा है कि यह जुआ अड्‌डा पासकल काफी दिनों से संचालित कर रहा था। उसे क्षेत्र के एक बदमाश का संरक्षण मिला हुआ था। अजनी पुलिस को इस अड्‌डे के बारे में भनक नहीं लग पा रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार फूलसिंग नाइक क्रीडा मंदिर क्लब में जुआ अड्‌डा शुरू होने की गुप्त जानकारी क्षेत्र की महिला पुलिस उपायुक्त निर्मला देवी को मिली। उन्होंने कार्रवाई का आदेश दिया। 

देवलापार पुलिस की शराब माफिया पर कार्रवाई

लॉकडाउन के दौरान शराब माफिया पर ताबड़तोड़ कार्रवाई चल रही है। इस दौरान 24 लाख 70 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है। कुछ शराब माफिया तुमडीटोला नामक गांव में बड़े पैमाने में शराब की बिक्री कर रहे थे। ऐसी जानकारी पुलिस को बुधवार सुबह मिली। देवलापार थानेदार प्रवीण बोरकुटे ने पीएसआई केशव पुंजरवाड के नेतृत्व में एक टीम बनाकर तुमडीटोला भेजा। तुमडीटोला के तालाब तथा गांव के नालों के पास सर्च ऑपरेशन चलाया। महुआफूल का सड़वा प्लास्टिक की बोरियों में भरा मिला। वैसे ही हाथभट्‌ठी में लगने वाला सामान भी बरामद हुआ। कुल 10 लाख 20 हजार रुपए का माल वहां से बरामद हुआ। देवलापार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

लॉकडाउन में 13 पर प्रकरण दर्ज, 22 गिरफ्तार

लॉकडाउन के दौरान 13 लोगों पर प्रकरण दर्ज किया गया है। अन्य कार्रवाई में 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। देवलापर पुलिस ने कुल मिलाकर 24 लाख 70 हजार रुपए का माल पकड़ा है। लॉकडाउन तोड़ने के मामले में देवलापार पुलिस स्टेशन में 5 मामले दर्ज किए गए हैं। ------

पूर्व प्रेमी ने युवती पर किया चाकू से हमला

उधर पूर्व प्रेमी ने युवती पर चाकू से हमला किया। गुरुवार तड़के करीब 4 बजे साथियों के साथ पूर्व प्रेमी युवती के घर पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। कपिलनगर थाने में पूर्व प्रेमी सहित आठ युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। इनमें पूर्व प्रेमी फैजल मोहम्मद अहमद (32) मोमिनपुरा, नागपुर, शाहिद खान (25), फैजान अंसारी, सरफाज (25), अन्नु ठाकुर वअन्य तीन आरोपी शामिल हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो फैजल युवती का पुराना दोस्त है। उसने शादी का झांसा देकर उसका शोषण भी किया है। युवती ने हुड़केश्वर और प्रतापनगर थाने में ही प्रकरण दर्ज करा चुकी है। कपिलनगर क्षेत्र के राय उद्योग बिल्डिंग में बर्मा के फ्लैट में किराए से रहनेवाली युवती पर हमला करने से पहले फैजल ने कहा कि उस पर दो प्रकरण दर्ज करा अच्छा नहीं किया। इसके बाद चाकू से हमला कर दिया। उधर, पीड़िता का कहना है कि जब वह फैजल और उसके साथियों के खिलाफ कपिलनगर थाने में शिकायत करने पहुंची तब वहां पर कोई भगवान सेठ आया। उसने बार- बार सुलह करने के लिए दबाव डाला।

जेल से छूटकर आते ही बदमाश ने मांगा 2 लाख का हफ्ता

सेंट्रल जेल से पैरोल पर छूटकर बाहर आते ही एक बदमाश ने दुकानदार से 2 लाख रुपए का हफ्ता मांगा। हफ्ता नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। कलमना पुलिस ने आरोपी अक्षय भैसारे के खिलाफ हफ्ता वसूली का प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मिनी मातानगर में राजकुमार धनीराम शाहू (35) की एयरटेल शॉपी है। गत 31 दिसंबर 2016 को अक्षय का किसी से विवाद हो रहा था। उस समय घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। राजकुमार भी वहां रुक गया। इसी दौरान राजकुमार से अक्षय का विवाद हो गया। आरोप है कि अक्षय ने राजकुमार पर चाकू से हमला कर दिया। राजकुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। कलमना पुलिस ने अक्षय भैसारे पर उस समय धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था। तब से वह जेल में बंद था। कोरोना के संक्रमण को देखते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने अंडर ट्रायल कैदियों को पैरोल व विशेष छुट्‌टी के अंतर्गत छोड़ने का निर्णय लिया है। इसी के तहत अक्षय को कुछ दिन पहले सेंट्रल जेल से छोड़ा गया है। वह जेल से बाहर आने के बाद फिर से उत्पात मचाने लगा। बुधवार की रात करीब 11.15 बजे अक्षय भैसारे ने राजकुमार के मोबाइल पर फोन किया। उस समय राजकुमार अपने घर में मौजूद था। अक्षय ने उससे 2 लाख रुपए का हफ्ता मांगा। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। इस प्रकरण में राजकुमार शाहू की शिकायत पर पुलिस ने अक्षय भैसारे पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

Created On :   10 April 2020 8:09 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story