- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- पतंग के मांजे में उलझे पुलिसकर्मी...
पतंग के मांजे में उलझे पुलिसकर्मी का चेहरा व एक युवक का गला कटा

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। चायनीज मांजे से पतंगबाजी का शौक राहचलते लोगों एवं बाइक सवारों के लिए घातक साबित हो रहा है। शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं में मांजे में उलझे बाइक सवार प्रधान आरक्षक के चेहरे पर गंभीर चोट आई है वहीं एक युवक का गला कट गया है। मांजे से लगे घाव और बाइक से गिरने से दोनों को गंभीर चोटें आई है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है।
अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि शनिवार दोपहर बाइक सवार चंदनगांव निवासी 35 वर्षीय सुनील पिता गोवर्धन मंडराह बस स्टैंड से चंदनगांव अपने घर लौट रहा था। इस दौरान एक युवक पतंग उड़ा रहा था। पतंग का मांजा सुनील के गले में उलझ गया। जिससे सुनील मंडराह का गला बुरी तरह से कट गया है। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। इलाज के बाद सुनील की हालत सामान्य है।
आरक्षक के चेहरे पर चोट-
कुंडीपुरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक शिशुपाल शनिवार शाम को थाना जा रहा था। गांधीगंज के समीप पतंग के मांजे में उलझने से शिशुपाल के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। प्रधान आरक्षक का होंठ बुरी तरह से कट गया है। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है।
प्रतिबंध के बाद भी बाजार में बिक रहा मांजा-
चायनीज मांजा लोगों के लिए घातक साबित हो रहा है। चायनीज मांजे में उलझने से कई बड़े हादसे हो चुके है। प्रतिबंध के बाद भी चायनीज मांजा बाजार में खुलेआम बेचा जा रहा है। पतंगबाजी के शौकीन लोग चायनीज मांजे का खुला इस्तेमाल कर रहे है। जो लोगों के लिए दुर्घटना का कारण बन रहा है।
Created On :   5 Jan 2020 7:28 PM IST