पॉलिटिक्स : शिवसेना में संगठनात्मक फेरबदल के संकेत, पद पाने के इच्छुक पहुंचे मुंबई

Politics: Signs of organizational reshuffle in Shiv Sena
पॉलिटिक्स : शिवसेना में संगठनात्मक फेरबदल के संकेत, पद पाने के इच्छुक पहुंचे मुंबई
पॉलिटिक्स : शिवसेना में संगठनात्मक फेरबदल के संकेत, पद पाने के इच्छुक पहुंचे मुंबई

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर शिवसेना में संगठनात्मक फेरबदल के संकेत मिल रहे हैं। शहर में 2 जिला प्रमुख नियुक्त करने की मांग भी जोर पकड़ रही है। लिहाजा पद पाने के इच्छुक मुंबई पहुंचे हैं। मुंबई के कुछ नेताओं के अलग-अलग समर्थक हैं। समर्थकों ने अपने नेताओं के माध्यम से नाम आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। गौरतलब है कि शहर शिवसेना में लंबे समय से गुटबाजी रही है। संगठन विस्तार के दावों के बाद भी संगठन का विस्तार नहीं हो पाया है। जिला प्रमुख पद को लेकर असंतोष सामने आते रहा है। पूर्व उपमहापौर शेखर सावरबांधे जिला प्रमुख थे, तब उनका खुलकर विरोध किया जा रहा था। उनके विरोध में बंडू तलवेकर जैसे तत्कालीन नगरसेवकों ने मोर्चा खोल रखा था। सावरबांधे भी विविध चुनावों में चर्चा में रहे। विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से उम्मीदवार नहीं बनाए जाने पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा। जिला प्रमुख पद से सावरबांधे के हटने के बाद सतीश हरडे को यह जिम्मेदारी दी। उनके विरोध में भी पार्टी के कुछ नगरसेवक प्रदर्शन करते रहे। हरडे को हटाने की मांग को लेकर विरोधियों के मुंबई दौरे लगते रहे। बाद में प्रकाश जाधव को जिला प्रमुख नियुक्त किया गया। 

चर्चा में हफ्ता वसूली

रामटेक लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे जाधव की नियुक्ति के कुछ समय बाद ही असंतोष सामने आने लगा। सावरबांधे शिवसेना में लौट आए। उनके समर्थक फिर से उन्हें जिला प्रमुख बनाने की पेशकश करने लगे। लगातार चार बार मनपा का चुनाव जीते किशोर कुमेरिया के समर्थक भी शहर संगठन में अपना प्रभाव चाहने लगे। उधर रामटेक के सांसद कृपाल तुमाने के समर्थकों का गुट अलग से सक्रियता दिखाते रहा। इस बीच शिवसेना में हफ्ता वसूली के मामले चर्चा में आने लगे। जिला प्रमुख प्रकाश जाधव को हटाने की मांग की जाने लगी। विधानसभा चुनाव के समय संगठनात्मक फेरबदल का विषय लंबित रह गया था। अब शिवसेना बदली हुई राजनीतिक स्थितियों के तहत कार्य करने की नीति बना रही है। ऐसे में शहर में दो जिला प्रमुख नियुक्त करके नये सिरे से संगठन कार्य को गति दी जा सकती है। जिला प्रमुख पद के लिए शेखर सावरबांधे, मंगेश काशीकर, किशोर कुमेरिया, मंगेश कडव, सूरज गोजे, नितीन तिवारी, गणेश डोईफोडे, बंडू तलवेकर जैये कार्यकर्ता मुंबई में हैं। 

दुष्यंत चतुर्वेदी की महत्वपूर्ण भूमिका

बताया जा रहा है कि शहर संगठन में विधान परिषद सदस्य दुष्यंत चतुर्वेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रह सकती है। संगठन में युवा कार्यकर्ताओं को अधिक स्थान देने के लिए आरंभिक तौर पर चर्चा हुई है। दुष्यंत के साथ कांग्रेस के कुछ नये पुराने कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी जुड़े हैं। शिवसेना की गुटबाजी को देखते हुए किसी नये कार्यकर्ताओं को जिला प्रमुख की जिम्मेदारी देने पर भी िवचार किया जा सकता है। 

Created On :   16 Feb 2020 10:34 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story