- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो...
नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे निजी अस्पताल

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। निजी अस्पताल नियमों को ताक पर रखकर जिले में संचालित हो रहे हैं। बीते दिनों 33 अस्पतालों की जांच में 17 अस्पतालों में खामियां सामने आई थी। सभी को नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि खामियां दूर हुई या नहीं इस बारें में विभागीय अधिकारी अनजान हैं।
जानकारी अनुसार जिले में 50 निजी अस्पताल संचालित हैं। जिसमें 33 अस्पताल शहर में संचालित हैं और 17 अस्पताल जिले के अन्य इलाकों में संचालित हैं। नियमों की अनदेखी कर संचालित अधिकांश अस्पतालों में मरीजों की सुविधाओं, सुरक्षा और उपचार के बेहतर इंतजाम नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बीते दिनों शहर के 33 अस्पतालों का निरीक्षण किया था। जिसमें से 17 अस्पतालों में कई तरह की खामियां भी सामने आई थी। इन अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए थे। अस्पतालों में अनियमित्ताएं अब भी बरती जा रही हैं। जबकि विभागीय अधिकारियों का तर्क है कि नोटिस का जवाब उन्हें मिल चुका है। अस्पतालों के भौतिक निरीक्षण के बाद ही पता चल सकेगा कि उन्होंने कमियां दूर की या नहीं।
ये कमियां आई थीं सामने
- फायर सेफ्टी के इंतजाम नहीं
- बायो वेस्ट प्रबंधन का पालन नहीं
- पैरामैडिकल स्टॉफ पर्याप्त नहीं
- डॉक्टर्स की उपलब्धता भी नहीं दिखी
- साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिली
- एम्बुलेंस के इंतजाम पुख्ता नहीं दिखे
- अस्पताल में जगह का अभाव दिखा
- एंट्री, एग्जिट, वेंटीलेशन की पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं
फैक्ट फाइल
- 50 निजी अस्पताल
- 23 सोनोग्राफी सेंटर
- 33 लैब
- 2 आईवीएफ सेंटर
- 3 सीटी स्कैन सेंटर
लिफ्ट और रैंप की भी नहीं व्यवस्था
शहर में अधिकांश निजी अस्पताल बहु मंजिला हैं। इनमें कुछ सोनोग्राफी सेंटर भी हैं। गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों को यहां स्ट्रेचर व लिफ्ट की सुविधा नहीं मिल पाती। मरीजों की समस्याओं को देखते हुए अस्पतालों व डायग्नोस्टिक सेंटर में गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों को कंधों पर टांगकर ले जाना पड़ता है।
इनका कहना है
3 माह में 33 निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया गया था। चैक लिस्ट के अनुसार अस्पतालों में कई तरह की खामियां पाई गई थीं। करीब 17 अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए थे। भौतिक सत्यापन के बाद ही पता चल सकेगा कि इन अस्पतालों ने कमियां दूर की या नहीं।
-डॉ प्रमोद वासनिक, जिला मीडिया अधिकारी हेल्थ डिपार्टमेंट
Created On :   8 Feb 2022 10:15 PM IST