पल्स पोलियो की पोल - अतिथियों के इंतजार में ठंडे और गंदे फर्श पर नवजात संग माताओं को बैठाए रखा

Pulse Polio Poll - Keeping Mothers Sitting With Newborn On Cold And Dirty Floor Waiting For Guests
 पल्स पोलियो की पोल - अतिथियों के इंतजार में ठंडे और गंदे फर्श पर नवजात संग माताओं को बैठाए रखा
 पल्स पोलियो की पोल - अतिथियों के इंतजार में ठंडे और गंदे फर्श पर नवजात संग माताओं को बैठाए रखा

मीडिया अधिकारी बोले - ग्रामीण महिलाएं हैं कुर्सी पर बैठने की आदत नहीं
डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा।
जिला अस्पताल से पल्स पोलियो अभियान का रविवार सुबह शुभारंभ किया गया। शुभारंभ अवसर पर अतिथियों के समय पर न पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगभग एक घंटे नवजात संग माताओं को ठंडे फर्श पर बैठाया गया। अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा गायनिक वार्ड में भर्ती प्रसूताओं को नवजात लेकर बुलाया गया था। इस लापरवाही पर सीएमएचओ कार्यालय के मीडिया अधिकारी का कहना है कि सभी ग्रामीण महिलाएं थी उन्हें कुर्सी पर बैठने की आदत नहीं है।दरअसल रविवार सुबह जिला अस्पताल के सीएस ऑफिस के सामने पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ कार्यक्रम रखा गया था। इस अवसर पर गायनिक में भर्ती प्रसूताओं को नवजात के साथ पल्स पोलियो की खुराक पिलाने बुलाया गया था। यहां नवजात को लेकर पहुंची माताओं के बैठने न तो कुर्सियां और न ही फर्श पर दरी बिछाई गई थी। विभागीय कर्मचारियों ने उन्हें ठंडे और गंदे फर्श पर ही बैठा दिया। लगभग एक घंटे इंतजार के बाद लगभग 10.30 बजे अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान महिलाएं अपने नवजात को लेकर परेशान होती रही।
विभाग का दावा... रखी थी कुर्सियां-
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का दावा है कि पल्स पोलियो अभियान के दौरान बुलाई गई प्रसूताओं के लिए बकायदा कुर्सियां रखी गई थी। स्वास्थ्यकर्मियों के बोलने पर भी महिलाएं कुर्सी पर न बैठकर फर्श पर बैठ गई।
स्टाफ के लिए महज चार कुर्सियां-
सिविल सर्जन कार्यालय के सामने पल्स पोलियो बूथ में ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ के लिए चार कुर्सियां थी। प्रबंधन इन्हीं कुर्सियों को पर्याप्त मान रही थी। प्रबंधन ने इसके अलावा महिलाओं या अन्य लोगों के बैठने की कोई व्यवस्था नहीं की थी।
क्या कहते हैं अधिकारी-

- पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ अवसर पर गायनिक वार्ड से महिलाओं को नवजात के साथ बुलाया गया था। उनके बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां रखी गई थी।
- डॉ. एलएन साहू, जिला टीकाकरण अधिकारी
1 लाख 77 हजार बच्चों को पिलाई दवा
- राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले के 2 लाख 48 हजार 553 बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जानी है। इस अभियान के तहत रविवार को पहले दिन 0 से 5 वर्ष तक के 1 लाख 77 हजार 833 बच्चों को पोलियों की दवा पिलाई गई। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ.गिरीश बी.रामटेके, प्रभारी सीएमएचओ डॉ.सुशील राठी, सीएस डॉ.श्रीमती पी.गोगिया, आरएमओ डॉ.सुशील दुबे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.एलएन साहू द्वारा बच्चों को पोलियो की दो-दो बूंद दवा पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। शेष बच्चों को सोमवार और मंगलवार को घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
 

Created On :   1 Feb 2021 12:55 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story