- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- महिलाओं को प्राथमिकता देगी...
महिलाओं को प्राथमिकता देगी कांग्रेस, महिला सुरक्षा यात्रा शीघ्र - चारुलता टोकस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी पार्टी में महिलाओं को प्राथमिकता देने के लिए प्रयासरत हैं। महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण का लाभ देने वे अमल भी कर रहे हैं। हर जिले से योग्य सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं की लिस्ट भी उन्होंने मंगवाई है। उक्त बात महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चारुलता टोकस ने कही।
दैनिक भास्कर कार्यालय में सदिच्छा भेंट के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को जागृत करने व उनकी समस्याओं का हल निकालने शीघ्र ही महिला सुरक्षा यात्रा निकालने जा रही है। वर्धा जिले से इस यात्रा की शुरुआत होगी। यात्रा के दौरान महिला सुरक्षा पर प्रमुखता से मार्गदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को लेकर इन दिनों क्राइम काफी बढ़ गया है इसलिए महिलाओं को खुद अपनी सुरक्षा और अपने अधिकार की जानकारी होनी चाहिए यही महिला सुरक्षा यात्रा का उद्देश्य है।
महिलाओं को जोड़ने विंग तैयार
2019 में होने वाले चुनाव में पार्टी द्वारा महिलाओं के एजेंडे पर पूछे गए सवाल के जवाब में चारुलता टोकस ने कहा कि 18 से 35 वर्ष तक की महिलाओं को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। चुनाव में भी महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। महिलाओं के हेल्थ, करियर, कान्फिडेंस बढ़ाने हमने महिला विंग तैयार की है। इसी तरह हमने आने वाले चुनाव के लिए अलग-अलग विंग तैयार की है। उम्मीद है कि विंग की सहायता से हमें आने वाले चुनाव में सफलता मिलेगी। आगामी लोकसभा चुनाव में वर्धा से चुनाव लड़ने की तैयारी भी उन्होंने दर्शाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने शुरू से ही महिलाओं को प्राथमिकता दी है और इस बार भी वह महिलाओं को आगे लाने के लिए प्रयासरत है।
समय आने पर करेंगे नामों की घोषणा
महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के बाद पर्याप्त उम्मीदवार मिलना संभव है क्या? इस पर उन्होंने कहा कि हमारे पास पर्याप्त कैंडिडेट्स हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं हमसे जुड़ी हैं और कार्य भी कर रहीं हैं। समय आने पर हम नामों की घोषणा भी करेंगे। इस समय उन्होंने कांग्रेस के आगामी एजेंडे पर भी विस्तार से चर्चा की।
Created On :   19 July 2018 4:28 PM IST