अनाज वितरण में इस महीने भी लगेगा राशन दुकानदार का अंगूठा

Ration shopkeepers thumb will be put in grain distribution this month too
अनाज वितरण में इस महीने भी लगेगा राशन दुकानदार का अंगूठा
अनाज वितरण में इस महीने भी लगेगा राशन दुकानदार का अंगूठा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। खाद्यान्न आपूर्ति विभाग ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए तीन महीने तक पॉस मशीन पर केवल राशन दुकानदारों को अंगूठा लगाकर अनाज वितरण करने की अनुमति दी थी। 1 जुलाई से पॉस मशीन पर राशन दुकानदारों का अंगूठा नहीं चल रहा था। कोरोनाकाल बढ़ने से यह सुविधा जुलाई में भी जारी रखने की मांग राशन दुकानदारों ने की। 2 जुलाई को खाद्यान्न आपूर्ति विभाग ने राशन दुकानदारों की इस मांग को स्वीकार कर आदेश जारी किया है। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए राशन दुकानदारों  ने अनाज वितरण के लिए पॉस (प्वाइंट आफ सेल) मशीन पर उपभोक्ताआें की जगह राशन दुकानदार के ही अंगूठे को अधिकृत करने की मांग की थी। खाद्यान्न आपूर्ति विभाग ने अप्रैल, मई व जून के लिए यह व्यवस्था की थी। जुलाई से पॉस मशीन पर उपभोक्ता का अंगूठा मैच करना जरूरी हो गया था। नागपुर में कोरोना रोगी बढ़ते जा रहे हैं। 

इसे देखते हुए राशन दुकानदारों ने विधायक विकास ठाकरे के मार्फत इस मांग को खाद्यान्न आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल तक पहुंचाई। 2 जुलाई को खाद्यान्न आपूर्ति विभाग ने आदेश जारी कर जुलाई में भी पॉस मशीन पर सिर्फ राशन दुकानदार का ही  अंगूठा मान्य किया है।

विभाग ने मांग मान ली

गुड्डू अग्रवाल, अध्यक्ष, राशन दुकानदार संघ का कहना है कि कोरोना संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है। मशीन पर सैकड़ों लोगों के अंगूठा लगाने से कोरोना संक्रमण का खतरा बना रहता है। विभाग ने हमारी मांग मान ली। दुकानदार ही अंगूठा लगाकर अनाज वितरित कर सकेंगे। 

Created On :   4 July 2020 3:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story