प्रयाग में माफिया अतीक की हत्या पर राऊत ने उठाए सवाल, शेलार ने पूछा कब तक पीटते रहेंगे छाती

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पुलिस हिरासत में हुई हत्या को लेकर महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल शिवसेना (उद्धव गुट) के बीच वाकयुद्ध शुरू हो गया है। शिवसेना (उद्धव गुट) सांसद संजय राऊत ने अतीक और अशरफ की हत्या को लेकर सवाल खड़ा किया है। मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने पलटवार करते पूछा कि गोली अतीक को लगी थी, धराशायी राऊत क्यों हो रहे हैं?
रविवार को नागपुर में राऊत ने कहा कि मैं किसी के एनकांउटर की बात समझ सकता हूं। लेकिन दिनदहाड़े पुलिस के बंदोबस्त में अतीक और अशरफ की हत्या हुई है। पुलिस के सुरक्षा घेरे में अतीक और अशरफ की हत्या कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। सरकार की क्षमता पर भी प्रश्नचिन्ह है? राऊत ने कहा कि अतीक माफिया और गुंडा था। वह कई बार विधायक और सांसद भी रह चुका था। इसको नहीं भूलना चाहिए। राऊत ने कहा कि इससे पहले अतीक के बेटे असद का एनकांउटर हुआ था। उस समय हम लोगों ने कोई टिप्पणी नहीं की थी। क्योंकि पुलिस के एनकांउटर मुंबई में भी होते हैं। जवाब में भाजपा नेता शेलार ने कहा कि अतीक और अशरफ की हत्या उत्तर प्रदेश में हुई है, मगर धराशायी लोग महाराष्ट्र में हो रहे हैं। अतीक की हत्या पर राऊत और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे छाती पीटते रहेंगे क्या? अतीक हत्या मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग बनाया है। राऊत राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार के समय कानून-व्यवस्था की स्थिति भूल गए क्या? राऊत को उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था के बारे में बोलने का अधिकार नहीं है।
अतीक की हत्या सोची समझी साजिश
समाजवादी पार्टी (सपा) प्रदेश अध्यक्ष तथा विधायक अबू आसिफ आजमी ने कहा कि अतीक और अशरफ की हत्या एक सोची-समझी साजिश का नतीजा है। उत्तर प्रदेश पुलिस की हिरासत में दो आरोपियों की हत्या एक कलंक है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य में कानून व्यवस्था कायम रखने में नाकाम रहे हैं।
Created On :   17 April 2023 4:30 PM IST