- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- एक साल में 300 कर्मचारियों की भर्ती...
एक साल में 300 कर्मचारियों की भर्ती , अधिकारी-कर्मचारियों ने अपने नाते-रिश्तेदारों को किया उपकृत

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा । कोरोना संक्रमण के बाद बिगड़ी निगम की वित्तीय स्थिति में कर्मचारियों को वेतन के लाले पड़े हैं, लेकिन इसके बावजूद निगम में बेकडोर से भर्तियों का सिलसिला कम नहीं हुआ है। पिछले एक सालों में ही 300 से ज्यादा नए कर्मचारियों को ठेका श्रमिक के नाम पर भर्ती कर लिया गया। अब स्वीकृत पदों से दोगुने कर्मचारी निगम में हो गए हैं। बेकडोर से भर्ती के नाम पर नगर निगम में बड़ा गोरखधंधा चल रहा है। सालों से पदस्थ कर्मचारी व अधिकारी अपने चहेतों, नाते-रिश्तेदारों को निगम में बेकडोर से एंट्री दे रहे हैं। पिछले एक सालों से तो भर्ती का गोरखधंधा और तेज हो गया है। कोरोना संक्रमण के बावजूद 300 से ज्यादा कर्मचारियों को भर्ती कर लिया गया। जबकि निगम की माली हालत ऐसी नहीं है कि वे इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों को वेतन दे सके। उसके बाद भी ठेका श्रमिक के नाम पर भर्ती का फर्जीवाड़ा चल रहा है। निगम में शासन द्वारा 1095 स्वीकृत पद है जबकि इसके विपरीत अभी तक कर्मचारियों का आंकड़ा निगम में 1946 तक पहुंच गया है।
5 करोड़ से ज्यादा का वेतन भुगतान
नगर निगम में जारी बेतहासा भर्ती मेंं सिर्फ कर्मचारियों को वेतन भुगतान के रूप में पांच करोड़ से ज्यादा बांटे जा रहे हैं। जबकि कोरोना संक्रमण के चलते नगर निगम की राजस्व वसूली में बड़ी गिरावट आई है। इस साल ही 31 करोड़ की वसूली का टारगेट निगम को दिया गया था। जिसके ऐवज में अभी तक सिर्फ साढ़े चार करोड़ की वसूली हो पाई है।
चुंगी क्षतिपूर्ति से भी वेतन की पूर्ति नहीं
शासन द्वारा छिंदवाड़ा नगर निगम को चुंगी क्षतिपूर्ति के रूप में हर माह 1 करोड़ 51 लाख रुपए दिए जाते हैं। इतने पैसों से सिर्फ नियमित कर्मचारियों को ही भुगतान हो पाता है, बाकि कर्मचारियों को वेतन देने के लिए निगम को राजस्व वसूली पर निर्भर रहना पड़ता है। राजस्व वसूली का बड़ा हिस्सा का उपयोग शहर के विकास से प्रोजेक्ट पर खर्च होने की बजाय कर्मचारियों के वेतन भुगतान पर खर्च हो रहा है।
कितने कर्मचारी है कार्यरत
नियमित 321
विनियमित 396
दैनिक वेभो 435
ठेका श्रमिक 720
पंचायत कर्मी 74
कुल 1946 कर्मचारी
इनका कहना है...
कर्मचारियों को वैरिफिकेशन चल रहा है। कहां कौन सा कर्मचारी काम कर रहा है इसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
अनंत कुमार धुर्वे सहायक आयुक्त, नगर निगम
Created On :   17 Aug 2021 7:17 PM IST