- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- RPI कर रही 18 दिसंबर को विदर्भ...
RPI कर रही 18 दिसंबर को विदर्भ राज्य परिषद का आयोजन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नागपुर में जारी शीतकालीन सत्र के बीच सत्ताधारी भाजपा की सहयोगी आरपीआई ने अलग विदर्भ राज्य बनाने का मुद्दा उछाला है। पार्टी की तरफ से नागपुर में 18 दिसंबर को विदर्भ राज्य परिषद का आयोजन किया जाएगा। रामगोपाल माहेश्वरी सांस्कृतिक सभागृह, झांसी रानी चौंक सीताबर्डी में इस परिषद का आयोजन होगा। गुरुवार को आरपीआई के अध्यक्ष और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने यह जानकारी दी।
अगल विदर्भ राज्य बनाने की मांग को लेकर आरपीआई की परिषद
आठवले ने कहा कि विदर्भवासी जनता के मन में यह भावना है कि विदर्भ को अलग राज्य बनाना चाहिए। सामाजिक, सांस्कृतिक, औद्योगिक और आर्थिक विकास की दृष्टि से अलग विदर्भ राज्य बनाने की मांग समय की जरूरत है। उन्होंने बताया कि विदर्भ राज्य परिषद में विभिन्न दलों के विदर्भवादी नेताओं और आंदोलनकारियों को बुलाया गया है। इस मौके पर पार्टी का कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
विदर्भ अंचल में जागरूकता मुहिम होगी शुरु
विदर्भ की जनता की समस्याओं और विदर्भ राज्य के लिए विदर्भ अंचल में जागरूकता मुहिम शुरू की जाएगी। पार्टी की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार परिषद का उद्धाटन केंद्रीय राज्य मंत्री आठवले करेंगे। जबकि आरपीआई के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश थुलकर अध्यक्षता करेंगे। थुलकर ने बताया कि परिषद में बड़े पैमाने पर विदर्भ वादी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
अलग विदर्भ के लिए की गई थी बंद की अपील
आपको बता दें, शीतसत्र के पहले दिन ही पृथक विदर्भ के लिए बंद की अपील की गई थी। जिसका मिला-जुला असर दिखाई दिया। वर्धा रोड पर चक्काजाम, गंगाबाई घाट के पास बस पर पथराव और इतवारी में तीन दुकानों पर पत्थर बरसाकर कांच फोड़ने की घटनाएं हुईं। विदर्भ राज्य आंदोलन समिति के साथ कई विदर्भवादी संगठनों और पार्टियों ने बंद को समर्थन दिया था। सोमवार को शीतसत्र के पहले दिन शहर के वर्धा रोड पर राकांपा ने चक्काजाम करते हुए गिरफ्तारी दी थी। इसके बाद RPI विदर्भ में जागरूकता मुहिम शुरु कर रही है।
Created On :   14 Dec 2017 6:27 PM IST