- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सायली वाघमारे ने मारी बाजी, जीता...
सायली वाघमारे ने मारी बाजी, जीता गोल्ड मेडल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अंतर विश्वविद्यालय राष्ट्रीय एथलेटिक्स स्पर्धा में लगातार दो वर्ष रजत पदक जीत चुकी नागपुर की सायली वाघमारे ने इस वर्ष आचार्य नागार्जुन विवि, गुंटूर की मेजबानी में आयोजित 78वीं स्पर्धा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 800 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीत लिया। सायली ने अपने पिछले प्रदर्शन में जबर्दस्त सुधार किया और 2:09:90 मिनट के कैरियर बेस्ट टाइमिंग के साथ पीला तमगा जीत लिया।सायली की यह जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि 800 मीटर दौड़ के फाइनल में उन्होंने ओलिंपियन पीटी उषा की शिष्या अबिता मैरी मैन्युअल को शिकस्त दी।
पहले 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता
स्पर्धा में नागपुर विवि का प्रतिनिधित्व कर रही सायली ने इसके पूर्व 2015-16 में मंगलौर और 2016-17 में कोयंबटूर में हुई स्पर्धा की 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था। मंगलौर में सायली ने दाे मिनट 11:01 सेकंड का समय निकाला था। राष्ट्रीय स्पर्धा में सायली का यह दूसरा स्वर्ण पदक है। इसके पूर्व उन्होंने रांची में आयोजित जूनियर नेशनल एथलेटिक्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।
नागपुर विवि के अब तक के इतिहास में पहला स्वर्ण
यूनिवर्सिटी के इतिहास में पुरुष व महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में यह पहला स्वर्ण पदक है। इसके पूर्व योगेश ठाकरे और प्रकाश वर्मा इस इवेंट में रजत पदक ही अपने नाम कर पाए। बुधवार को हुए क्वॉलिफाइंग दौर में बढ़िया प्रदर्शन के साथ फाइनल में प्रवेश करने वाली सायली के फाइनल के प्रदर्शन को लेकर उपराजधानी में चर्चा जोरों पर थी। दबाव सायली पर था, लेकिन निर्णायक क्षणों में गति को बढ़ाते हुए पीला तमगा जीतकर इतिहास रच दिया। फाइनल में सायली ने धीमी शुरुआत जरूर की, लेकिन समय के साथ गति पकड़ ली।
आगे चल रही एथलीट से बराबरी हासिल की
उपराजधानी की इस एथलीट ने 250 मीटर शेष रहते आगे चल रही एथलीट से बराबरी हासिल कर ली आैर फिर 120 मीटर पहले गति को और तेज करते हुए फिनिशिंग लाइन पर पहले जा पहुंचीं। इस वर्ष अबिता मैरी मैन्युअल के अलावा पिछले वर्ष की स्वर्ण पदक विजेता मद्रास विवि की के प्रिया भी स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार थीं, लेकिन सायली ने दोनों की दावेदारी को तोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
अमृतसर की ट्विंकल चौधरी को रजत
अमृतसर की ट्विंकल चौधरी (2:10:26 सेकंड) ने रजत और के. प्रिया (2:10:76 सेकंड) ने कांस्य पदक जीता। धरमपेठ मुंडे महाविद्यालय की सायली ने पिछले दिनों दापोली में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर विवि खेलकूद स्पर्धा (अश्वमेध) में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर पदक जीता था। सायली एथलेटिक्स कोच भाऊ काणे और जितेन्द्र घाेरदड़ेकर के मार्गदर्शन में अभ्यास करती हैं।
Created On :   14 Dec 2017 9:25 PM IST