सी-प्लेन बढ़ाएगा नागपुर की शान, कोराड़ी से भरेगा उड़ान

Sea Plane will fly from Koradi to Ambazari, Khindsi, Chandrapur to tadoba and Paras
सी-प्लेन बढ़ाएगा नागपुर की शान, कोराड़ी से भरेगा उड़ान
सी-प्लेन बढ़ाएगा नागपुर की शान, कोराड़ी से भरेगा उड़ान

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  आगामी दो वर्ष में साकार होने जा रहा सी-प्लेन संतरानगरी की शान बढ़ाएगा। सी-प्लेन कोराडी से अंबाझरी, खिंडसी, चंद्रपुर के ताड़ोबा व पारस तक उड़ेगा। इसके लिए नासुप्र का मैरीटाइन कंपनी के साथ एमआेयू किया गया है। इसके अलावा 150 सीट की क्षमतावाला एक थिएटर बनेगा, जहां 32 मिनट का टूरिज्म शो दिखाया जाएगा। यह जानकारी पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दी। 

2019 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट : पालकमंत्री श्री बावनकुले ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि महत्वाकांक्षी सी-प्लेन प्रोजेक्ट दिसंबर 2019 तक पूरा होगा। सी-प्लेन कोराडी से अंबाझरी, खिंडसी, चंद्रपुर के ताड़ोबा (इरई डैम) व पारस (शेगांव) तक उड़ान भरेगा। कोराडी में महावितरण ने इसके लिए काम भी शुरू कर दिया है। NIT का मैरीटाइन कंपनी के साथ एमआेयू हो गया है। महालक्ष्मी जगदंबा माता मंदिर कोराडी अत्याधुनिक सुविधा से लैस होने जा रहा है। सी-प्लेन से यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा आैर इसे देखते हुए 150 सीट की क्षमतावाला थिएटर बनाया जाएगा। 7-डी पर यहां 32 मिनट का टूरिज्म शो दिखाया जाएगा। देश-विदेश के पर्यटन का यहां दर्शन कराया जाएगा। यहीं पर बिजली निर्माण के साथ ही बिजली वितरण किस तरह किया जाता है, यह भी दिखाया जाएगा। कोराडी तालाब में बोटिंग के साथ ही वॉटर स्पोर्ट्स पार्क भी बनाया जाएगा। बच्चों को खेलने के लिए भव्य उद्यान भी बनेगा।

महालक्ष्मी जगदंबा मंदिर में जलेगी एक ही अखंड ज्योत : पालकमंत्री ने कहा कि माता मंदिर में हर साल अश्विन नवरात्र व चैत्र नवरात्र (9-9 दिन) में 18 दिन एक साथ 10 हजार दीए जलाए जाते हैं। 2018 से अब यहां एक ही अखंड ज्योत जलेगी। इसके लिए 5 करोड़ की लागत से एक सिस्टम तैयार किया जा रहा है। अखंड ज्योत उत्सव में शामिल होनेवालों से  एक साल के 2100 रुपए, 11 साल के लिए 21 हजार व 21 साल के लिए 51 हजार रुपए की सहयोग राशि ली जाएगी। उत्सव में शामिल होनेवालों को दो बार पास दिए जाएंगे। इनके 5-5 सदस्य गर्भगृह में माता का दर्शन कर सकेंगे। माता की 21 किलो की सोने की मूर्ति बनाई जाएगी। गर्भगृह चांदी का बनेगा। माता का श्रृंगार 11 किलो सोने के आभूषण से बनाया जाएगा। मंदिर में ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सोना दान करने वाले भक्त रोकडे ज्वेलर्स में व राशि दान करनेवाले एचडीएफसी बैंक में पैसे जमा कर सकेंगे। राज्य सरकार से मिलनेवाली 210 करोड़ की निधि में से 65 करोड़ का काम चल रहा है। 
हर दिन बनेगा 500 लोगों के लिए भोजन : पालकमंत्री श्री बावनकुले ने कहा कि यहां हर दिन 500 लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था शुरू की जाएगी। 250 बेड का वृद्धाश्रम, अनाथालय, विकलांग पुनर्वसन केंद्र, मेडिटेशन सेंटर भी शुरू किया जाएगा। मंदिर में भव्य भक्त निवास भी बनेगा। पत्र परिषद में मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एड. मुकेश शर्मा, सचिव केशवराव फुलझेले, नंदू बजाज, मनीष वाजपेयी, दयाराम, राजीव रोकेड आदि उपस्थित थे। 
 

Created On :   1 Dec 2017 1:14 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story