पति को फंदे पर लटका देख पत्नी ने भी त्यागे प्राण

Seeing the husband hanging on the noose, the wife also gave up her life
पति को फंदे पर लटका देख पत्नी ने भी त्यागे प्राण
- मऊ के रजोलीढाना की घटना, जांच में जुटी पुलिस पति को फंदे पर लटका देख पत्नी ने भी त्यागे प्राण

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। पति को फांसी के फंदे पर लटका देखकर आहत पत्नी ने मौके पर प्राण त्याग दिए। घटना मोहखेड़ थाना क्षेत्र के मऊ के रजोलीढाना की है। पेट दर्द की समस्या से जूझ रहे एक शख्स ने गुरुवार को खेत मेें बने मकान में फांसी लगा ली। पति को फंदे पर लटका देख पत्नी बेहोश होकर जमीन पर गिरी तो फिर दोबारा नहीं उठी। दंपती की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को पीएम के लिए अस्पताल भेजा है।
पुलिस ने बताया कि मऊ के रजोलीढाना निवासी 43 वर्षीय राजू पिता सीताराम दहेजवार लम्बे समय से पेट की बीमारी से पीडि़त था। उसका इलाज जारी था। गुरुवार सुबह लगभग 11.30 बजे राजू और उसकी पत्नी 39 वर्षीय संगीता घर से खेत जाने निकले थे। राजू का शव फंदे पर और संगीता का शव फर्श पर मिला है। संभावना जताई जा रही है कि बीमारी से परेशान राजू ने फांसी लगा ली थी। इस मामले में टीआई गोपाल घासले का कहना है कि राजू की मौत फांसी लगने से हुई है। वहीं पीएम के बाद संगीता के मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
पत्नी ने हसिया से पति का फंदा काटने का प्रयास किया-
टीआई श्री घासले ने बताया कि महिला के शव के पास एक हसिया मिला है। संभावना जताई जा रही है कि पति को फंदे पर लटका देख पहले संगीता ने हसिया से रस्सी काटने का प्रयास किया और उसके बाद बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। संभवत: अटैक से महिला की मौत होना माना जा रहा है।  
दोपहर को परिजन पहुंचे तो मृत मिली दंपती-
बताया जा रहा है कि राजू के गांव स्थित मकान में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। गुरुवार सुबह पूरे परिवार के साथ पूजा कर राजू व संगीता खेत के लिए निकले थे। दोपहर को जब परिवार के सदस्य खेत पहुंचे तो दोनों के शव खेत में बने मकान के कमरे में मिले। परिजनों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी।

Created On :   1 Sept 2022 10:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story