- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- दुःख में भी सुख खोज लेता है ज्ञानी...
दुःख में भी सुख खोज लेता है ज्ञानी और अज्ञानी सुख में दुखी रहता है- सुवीरसागर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ज्ञानी जीव दुःख में भी सुख खोज लेता है और अज्ञानी सुख में दुःख खोजते हैं। यह उद्गार तपस्वी सम्राट आचार्य सन्मतिसागर के शिष्य आचार्य सुवीरसागर ने श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, सदर में व्यक्त किए।
दूसरों के लिए जीने वाला अमर
आचार्यश्री ने कहा कि जो व्यक्ति दान देता है उसका स्थान चिरस्थायी होता है। चामुण्डराय दान देकर श्रवणबेलगोला में भगवान बाहुबली की मूर्ति की स्थापना कर अमर हो गया। कोई जाने के बाद अमर हो जाता है और कोई जीतेजी मर जाता है। जो दूसरों के लिए जीता है वह अमर हो जाता है। जो देते हैं उनका सम्मान होता है। धन और दान दोनों देने से बढ़ते हैं। ज्ञान बांटने से ज्ञान बढ़ता है। दान देने से धन कभी कम नहीं होता। सिद्धांत के अनुसार साक्षात मोक्ष मार्ग नहीं है, पर परम्परा से मोक्षमार्ग प्रशस्त होगा। तीर्थंकर की भक्ति करनेवाला सम्यग्दर्शन को प्राप्त कर लेता है। श्रवणबेलगोला में भगवान बाहुबली के महामस्तकाभिषेक के समय 300 मुनियों का एकसाथ स्वाध्याय चलता था जिसमें विद्वत भी शामिल होते थे। श्रवणबेलगोला में 20 से 22 प्रकार का अभिषेक होता है। यह अभिषेक पाठ आचार्य माघनंदी आचार्य अभयनंदी स्वामी आदि मुनिराजों ने लिखा है। प्रतिष्ठापाठ में आचार्य अकलंक स्वामी ने भी लिखा है।
सिद्धचक्र मंडल विधान की पत्रिका का विमोचन
पार्श्वोदय तीर्थक्षेत्र पर 24 दिसंबर से 1 जनवरी 2020 तक भव्य सिद्धचक्र मंडल विधान के लिए वात्सल्य आमंत्रण पत्रिका का विमोचन मंदिर कमेटी एवं चातुर्मास कमेटी की ओर से हुआ। सदर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश बन्सोडे ने आचार्यश्री को श्रीफल चढ़ाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। महामंत्री हुकुमचंद सेठी, देवेंद्र विनायके, पवनकुमार झांझरी एवं मंदिर कमेटी ने उनका सम्मान किया। मंगलाचरण सुधा चौधरी ने गाया। चातुर्मास कमेटी के अध्यक्ष पवन जैन कान्हीवाड़ा, कार्याध्यक्ष सतीश जैन पेंढारी, महामंत्री पंकज बोहरा, प्रसार मंत्री हीराचंद मिश्रीकोटकर, महासमिति महाराष्ट्र अंचल के अध्यक्ष सुनील जैन पेंढारी, अजय कासलीवाल, नेताजी तुलसीनगरवाले, अरुण पाटोदी, गोकुलचंद जैन, उपमंत्री दिनेश जैन, सुधीर सावलकर, संतोष जैन, अशोककुमार अजमेरा, सनत जैन, महेंद्र जैन, अनूप जैन आदि उपस्थित थे।
Created On :   22 Nov 2019 10:21 AM IST