मालिक के 70 लाख रुपए लेकर नौकर चंपत, फोन पर खुद दी भागने की जानकारी

Servant went absconding gets 70 lakh rupees from owner house
मालिक के 70 लाख रुपए लेकर नौकर चंपत, फोन पर खुद दी भागने की जानकारी
मालिक के 70 लाख रुपए लेकर नौकर चंपत, फोन पर खुद दी भागने की जानकारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  गबन करने वाला अक्सर खुद अपना अपराध तब तक कबूल नहीं करता जब तक पुलिस उससे उगलवा न ले, लेकिन शहर के आनंदन सिटी में रहने वाले व्यापारी को उसके नौकर ने 70 लाख रुपए लेकर फरार होने की जानकारी खुद देकर जो बनता है कर लेने की धमकी दी और चंपत हो गया।  घटना शुक्रवार को दिनदहाड़े गणेशपेठ थानांतर्गत हुई है। प्रकरण दर्ज कर आरोपी और उसके परिवार की सरगर्मी से पुलिस तलाश कर रही है। 

घर पहुंचाने दिया था बैग
गोदरेज आनंदम सिटी निवासी नितीन उपरे (33) कोयला व्यापारी है। सीए रोड स्थित आंबेडकर चौक में उसका दफ्तर है। करीब चार वर्ष से नितीन के यहां नीलेश पखाले (34) खरबी साईबाबा नगर निवासी काम करता था। आरोपी, नितीन का चालक और सुरक्षा रक्षक भी था, जिससे वह हमेशा नितीन के साथ ही रहता था। हमेशा की तरह शुक्रवार की सुबह 8 से 9 बजे के दौरान नीलेश अपने काम पर आया। आनंदम सिटी में उसने अपना दोपहिया वाहन खड़ा किया। उसके बाद नितीन के साथ उसके दफ्तर गया।  दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के दौरान नितीन ने करीब 70 लाख रुपए से भरा बैग नीलेश के हवाले किया। नितीन ने बैग घर पहुंचाने के लिए कहा था। 

विलंब से मिली पुलिस को सूचना
लाखों रुपए के गबन के बावजूद व्यापारी नितीन प्रकरण की शिकायत नहीं करना चाहता था। यही वजह है कि घटना के बहुत देर बाद भी पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई थी। अगर समय पर पुलिस को सूचना दे दी गई होती, तो संभवत: नीलेश को उसके घर में ही दबोचा जा सकता था। 

पत्नी, साली और पुत्री के साथ छोड़ा नागपुर
घटित प्रकरण को लेकर पुलिस नीलेश की बस्ती में गई थी। आस-पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की। लोगों ने करीब 3 बजे के दौरान नीलेश को पत्नी, साली और पुत्री के साथ अपना सामान लेकर घर से बाहर जाते हुए देखा है। नीलेश लाखों रुपए लेकर परिवार समेत नागपुर छोड़ दिया है। 

फोन पर उसकी बात सुन व्यापारी के उड़े होश
आनंदम सिटी पहुंचने के बाद नीलेश ने नकदी से भरा बैग नितीश के घर पहुंचाने के बजाय अपने दोपहिया वाहन की डिक्की में रखा और कार की चाबी सिक्योरिटी गार्ड को थमा दी। उसे चाबी नितीन के फ्लैट में ले जाकर देने के लिए कहा, उसके बाद बैग लेकर नीलेश दोपहिया वाहन से भाग गया। करीब 3 बजे तक नीलेश के वापस दफ्तर नहीं आने से नितीन ने उसे फोन किया। नीलेश ने नितीन का फोन उठाया और दोनों में बातचीत हुई, मगर नीलेश का जवाब सुनकर नितीन के होश उड़ गए थे। नीलेश ने नितीन से फोन पर कहा कि अब मैं वापस नहीं आऊंगा। 70 लाख रुपए लेकर मैं भाग रहा हूं, तुमसे जो बनता है कर लो। उसके बाद नीलेश ने अपना फोन बंद कर दिया। 

बन गया था विश्वासपात्र
लाखों रुपए की रकम रोजाना यहां से वहां ले जाने का काम नीलेश करता था। चार वर्ष की ड्यूटी में उसने एक रुपए भी इधर से उधर नहीं किया था, जिससे नीलेश, नितीन का सबसे करीबी और विश्वासपात्र था। घटित प्रकरण से संभवत: नीलेश को बड़ी रकम हाथ लगने का इंतजार था, जिससे बड़ी रकम हाथ लगते ही वह परिवार सहित भाग गया है। 


 

Created On :   7 April 2018 2:25 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story