- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- दो वाहनों की टक्कर में 7 लोग गंभीर...
दो वाहनों की टक्कर में 7 लोग गंभीर रूप से घायल, 1 की हालत नाजुक

डिजिटल डेस्क, आसिफबाद। तेज हवाओं और कोहरे के चलते दो वाहनों की जबर्दस्त टक्कर में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कुमरमभीम आसिफाबाद जिला केंद्र में वांकिडी मंडल के बंबांरा ग्राम के समीप रविवार की देर रात हवा इतनी तेज थी मार्ग से गुजर रहे वाहन नजर नहीं आ रहे थे। इस बीच वैन और कार के बीच भिड़ंत होने के कारण 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
वाहन चालक का नियंत्रण छूटने से हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक करीब तीन-चार दिन से जिले में बारिश और बदरीले मौसम से जनजीवन अस्तव्यस्त हुआ है। रविवार की रात तूफानी हवा के चलते मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को आने जाने में कठिनाई होती नजर आई। इसी बीच देर रात आसिफाबाद से महाराष्ट्र की ओर जाने वाली डीसीएम वैन और विपरीत दिशा से आ रही कार तेज हवाओं के कारण नियंत्रण खो बैठी और दोनों के बीच टक्कर होने के कारण महाराष्ट्र के रहने वाले 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायल लोग चंद्रपुर जिले के राजुरा तहसील के रहने वाले बताए गए हैं।
घायलों का सरकारी अस्पताल में उपचार जारी
घायल लोगों में से एक की हालत चिंताजनक है। चंद्रपुर से आसिफाबाद आ रहे कांग्रेस के नायक विश्व प्रसाद राव ने घायलों को देखकर तुरंत वांकिडी सरकारी अस्पताल में अपने वाहन से ले जाकर भर्ती कराया। उन्हें स्थानीय लोगों ने भी मदद की। घायलों के परिजनों को घटना की सूचना मिलने पर वे भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा कर मामला दर्ज किया। घायलों का उपचार जारी है।
उल्लेखनीय है कि विदर्भ में पिछले सप्ताह भर से बारिश का मौसम बना हुआ है। तेज हवाओं और बारिश के चलते जहां किसानों की खेत में रखी फसल बर्बाद हुई है, वहीं कई जगह ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ है। तीन-चार दिन पूर्व विदर्भ के कई हिस्सों में तेज बारिश व बेर के आकार के ओले गिरे। खराब मौसम का यातायात पर भी असर हुआ है।
Created On :   28 Jan 2019 10:34 AM IST