तीन साल में स्मार्ट सिटी को मिले 444 करोड़, खर्च हुए 192 करोड़

Smart city received 444 crore in three years, spent 192 crore
तीन साल में स्मार्ट सिटी को मिले 444 करोड़, खर्च हुए 192 करोड़
तीन साल में स्मार्ट सिटी को मिले 444 करोड़, खर्च हुए 192 करोड़

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केंद्रीय गृहनिर्माण और शहर विकास मंत्रालय के प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), अमृत और स्मार्ट सिटी अभियान के कारण शहरों का रंगरूप बदलने लगा है। मंगलवार को दिल्ली में इसे लेकर भव्य कार्यक्रम हुआ, जिसमें 2014 से 19 तक 10.31 लाख करोड़ रुपए का निवेश करने का दावा किया गया है। नागपुर शहर भी इस मामले में पीछे नहीं है। स्मार्ट सिटी में चयनित हुए नागपुर शहर को 3 साल पूरे हो रहे है। दूसरी सूची में नागपुर शहर का नाम घोषित किया गया था। इस कारण थोड़ा विलंब हुआ, लेकिन काम की वजह से नागपुर चर्चा में रहा। नागपुर स्मार्ट एंड सस्टेनेबल सिटी डेवलपमेंट कार्पोरेशन लि. द्वारा इस दौरान नागपुर शहर के लिए 21 प्रोजेक्ट तैयार किए, जिसमें 20 प्रोजेक्ट एरिया बेस्ट डेवलपमेंट और एक पैन सिटी प्रोजेक्ट अंतर्गत शामिल है। इन सभी प्रोजेक्ट की कुल लागत 3322 करोड़ रुपए है। अभी तक केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों के माध्यम से 444 करोड़ रुपए मिले हैं। 192 करोड़ रुपए विविध प्रोजेक्ट पर खर्च हुए हैं। फिलहाल 873 करोड़ रुपए जल्द मिलने का दावा किया गया है। 

एरिया बेस्ड डेवलपमेंट 

स्मार्ट सिटी प्रकल्प अंतर्गत पारडी, भरतवाड़ा, पुनापुर व भांडेवाड़ी को एरिया बेस्ड डेवलपमेंट में शामिल कर नियोजनबद्ध विकास की तैयारी शुरू की गई है। 650 करोड़ रुपए की लागत से इनका चेहरा-मोहरा बदलेगा। इसमें 52 किलोमीटर के रास्ते और 29 पुल शामिल हैं। इसके अलावा एलईडी, मलनिस्सारण व्यवस्था, जलापूर्ति, फुटपाथ, साइकिल ट्रैक आदि सुविधा भी शामिल है। इसे पूरा करने के लिए 18 महीने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल 5 रास्तों का काम पूरा होने का भी दावा किया गया है। 

‘होम स्वीट होम’ अंतर्गत 1024 मकान 

नागपुर स्मार्ट सिटी प्रकल्प के ‘होम स्वीट होम’ योजना अंतर्गत पारडी, भरतवाड़ा, पुनापुर और भांडेवाड़ी क्षेत्र में प्रकल्पग्रस्त व्यक्ति का पुनवर्स्थापन व पुनर्वसन कर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। 222.09 करोड़ की लागत से 1024 मकान बनाए जाएंगे। योजना में एकसंघ कांक्रीट बिल्डिंग, सौर ऊर्जा, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग, ग्रीन बिल्डिंग संकल्पना, मलनिस्सारण प्रक्रिया केंद्र, व्यावसायिक दुकानें, गार्डन, लिफ्ट जॉगिंग ट्रैक, पार्किंग सुविधा, बास्केटबॉल कोर्ट आदि सुविधा दी जाएगी। 


सेफ एंड स्मार्ट सिटी

राज्य माहिती व तंत्रज्ञान विभाग, नागपुर पुलिस आयुक्तालय व नागपुर स्मार्ट और सस्टेनेबल सिटी डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा नागपुर सेफ एन्ड स्मार्ट सिटी प्रकल्प क्रियान्वित किया जा रहा है। इस प्रकल्प अंतर्गत अनेक दावे किए गए हैं। 
1045 कि.मी. में ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क तैयार किया गया है। 
700 जंक्शन्स पर 3462 सीसीटीवी सर्विलांस कैमरे लगाए गए। 
136 वाई-फाई हॉटस्पॉट का निर्माण किया गया। 
51 वैरिएबल मैसेज साइन बोर्ड लगाए गए हैं। 
10 एनवॉयरमेंटल सेंसर लगाए गए हैं। 
56 स्थानों पर पब्लिक अनॉउंसमेंट सिस्टम तैयार किए गए हैं। 
5 मोबाइल सर्विलांस वाहन, सिटी ऑपरेशन सेंटर, 5 ड्रोन सहित अन्य व्यवस्था मनपा मुख्यालय में लगाने का दावा।
    

Created On :   26 Jun 2019 5:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story