- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- आपसी रंजिश के चलते, गला रेंतकर युवक...
आपसी रंजिश के चलते, गला रेंतकर युवक की हत्या

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम देवर्धाटोला में शनिवार सुबह एक युवक की लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। युवक की हत्या गला रेंतकर की गई है। देवर्धाटोला निवासी मृतक 35 वर्षीय सुरेश पिता दादूराम वर्मा शुक्रवार को जिन तीन लोगों के साथ देखा गया था, परिजनों ने उन्हीं पर हत्या का आरोप लगाया है। शव मिलने के बाद से संदेही भी फरार बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले दो सालों से संदेहियों और मृतक के बीच आपसी रंजिश चल रही थी। शुक्रवार सुबह से ही मृतक और संदेही शराब पी रहे थे। पुलिस ने टीम गठित कर संदेहियों की तलाश शुरू कर दी है। हत्या की सूचना मिलने के बाद घटना स्थल पर एसपी गौरव तिवारी, सीएसपी शिवेश सिंह बघेल, टीआई रत्नेश मिश्रा पहुंचे थे।
शराब पिलाकर, दो बार काटा गला
बताया जा रहा है कि मृतक को आरोपियों ने शराब पिलाई। शराब पिलाने के बाद पीछे से किसी हथियार से उस पर हमला किया गया। इसके बाद किसी धारदार हथियार संभवत: हंसिया से पहले बाईं तरफ से गला काटा गया। जब पूरा गला नहीं कटा तो गले पर दूसरी बार हथियार चलाया गया। इस वजह से गला लगभग पूरी तरह से कट चुका था। मृतक के शरीर से लगभग डेढ़ से दो फिट दूर तक खून के छीटे मिले है।
पूरे घर में गोबर की लिपाई
पुलिस सूत्रों की माने तो गांव में ही एक संदेही के घर जब जांच टीम पहुंची तो उसके घर की गोबर से लिपाई की जा चुकी थी। जो पूरी तरह से सूखा भी नहीं था। संभावना जताई जा रही है कि घटना के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए गोबर से लिपाई की गई है।
संदेही के घर पहुंचा डॉग
घटना की छानबीन के लिए पुलिस डॉग बुलाया गया। घटना स्थल से डॉग सीधे संदेही विष्णु नामक व्यक्ति के घर पहुंचा। यहां से डॉग आगे नहीं बढ़ा। जिससे मृतक के परिजनों और पुलिस का शक और भी गहरा गया है।
मृतक पर चल रहा प्रकरण
मृतक सुरेश वर्मा और उसके पिता दादूराम वर्मा पर धारा ३०७ के तहत मामला कायम हुआ था। पिता-पुत्र ने गांव के बंदेवार परिवार के लोगों पर हमला किया था। इसी परिवार के तीन भाईयों पर मृतक के परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। वर्ष २०१६ में मृतक के पिता दादूराम की मौत जेल में हृदय गति रुकने की वजह से हो चुकी है। इसके बाद सुरेश वर्मा जमानत पर बाहर था।
Created On :   21 Oct 2017 11:39 PM IST