कांग्रेस के संकल्प सम्मेलन में बूथ बंटवारे को लेकर हंगामा

Split in the booth congress at sankalp sammelan
कांग्रेस के संकल्प सम्मेलन में बूथ बंटवारे को लेकर हंगामा
कांग्रेस के संकल्प सम्मेलन में बूथ बंटवारे को लेकर हंगामा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लोकसभा चुनाव में बुरी तरह पराजय होने के बाद बावजूद कांग्रेस नेताओं का अंतर्कलह थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस के संकल्प सम्मेलन में लोकसभा चुनाव के बूथ बंटवारे को लेकर भारी बवाल हुआ। कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष शेख हुसैन ने पार्टी के चुनाव नियोजन में खामियों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा  कि उत्तर नागपुर की एक महिला ब्लॉक अध्यक्ष 20 बूथ लेकर चली गई। जो कार्यकर्ता दिन रात पार्टी उम्मीदवार के चुनाव प्रचार में जुटे थे, वे भटकते रह गए। उनके इतना कहने की देर थी, कार्यकर्ताओं के बीच बैठी सुनीता ढोले अपनी सीट से खड़ी हो गई। वहीं से जोर-जोर से चिल्लाकर विरोध करने लगी।

मंच पर विराजमान नेता शांत रहने के लिए इशारे करते रहे, पर  नेताओं के इशारे को नजरअंदाज कर वह सीधे मंच पर जा धमकी। भाषण कर रहे शेख हुसैन से बहस करने लगी। शेख हुसैन भी आक्रामक हो गए। उन्होंने कहा कि मैं हकीकत बयां कर रहा हूं। आपका नाम नहीं लिया। मेरे भाषण में खलल डालने की कोशिश मत करो। विवाद बढ़ता देख अन्य पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। उसे भी बोलने का मौका देकर शांत करते हुए मंच पर बैठाया गया। 

बयान का यह अर्थ लगाया जा रहा है

बूथ बंटवारे के मायने चुनाव बूथ पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं के खर्च के लिए दी जाने वाली रकम से लगाया जा रहा है। पार्टी उम्मीदवार के लिए चुनाव में काम करने वालों को यह रकम नहीं पहुंचने से कार्यकर्ता नाराज होने का शेख हुसैन के बयान का अर्थ लगाया जा रहा है। मंगलवार को लोकसभा चुनाव के बाद और आगामी विधानसभा चुनाव तैयारियों की तहत देशपांडे सभागृह में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया था। 
इस दौरान चुनावी अनुभव को सांझा कर रहे नेताओं ने खूब-खरी खोटी सुनाई। 

भाषण के बीच टोका-टाकी

कांग्रेस के प्रदेश सचिव उमाकांत अग्निहोत्री ने कहा कि युवाओं में देश सेवा का गजब का जज्बा है। उन्हें नेतृत्व देने पर पार्टी को विचार करना चाहिए। यह कहने पर कार्यकर्ताओं के बीच से आवाज आई, अग्निहोत्री पर भी यह लागू होना चाहिए। कार्यकर्ता के बीच से आई आवाज को नजरअंदाज करते हुए, अग्निहोत्री ने अपना भाषण आगे बढ़ाते हुए चंद मिनट बाद विराम दे दिया।

पैसों का विवाद नहीं 

शेख हुसैन ने चुनाव बूथ नहीं लगने पर नाराजगी जताई। किसी का नाम नहीं लिया। इस विवाद का पैसों से कोई लेना-देना नहीं है।  -विकास ठाकरे, अध्यक्ष, शहर कांग्रेस

प्रदेश नेतृत्व और दूसरे गुट के नेता रहे दूर

इस सम्मेलन को आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा था। ऐसे में  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण, प्रतिपक्ष नेता विजय वडेट्टीवार सहित अनेक प्रदेश नेताओं को आमंत्रित किया गया था, लेकिन इन दोनों नेताओं के अलावा अन्य नेता भी नहीं पहुंचे। हर बार की तरह राऊत, अनीस और चतुर्वेदी गुट के कार्यकर्ता भी इससे दूर रहे।  
 

Created On :   3 July 2019 10:56 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story