- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- वस्त्रोद्योग विभाग को 370 करोड़ का...
वस्त्रोद्योग विभाग को 370 करोड़ का बिजली अनुदान देने वस्त्रोद्योग महामंडल की भूमि बेचेगी सरकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश सरकार ने वस्त्रोद्योग विभाग को बिजली अनुदान के लिए 370 करोड़ देने का फैसला किया है। अनुदान की राशि जुटाने के लिए महाराष्ट्र राज्य वस्त्रोद्योग महामंडल की जमीन बेची जाएगी। जमीन बेचने से मिलने वाली राशि को सरकार वस्त्रोद्योग विभाग को उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिसंबर महीने तक वस्त्रोद्योग विभाग को यह निधि देने का निर्देश दिया है।
गुरुवार को मुख्यमंत्री ने राज्य अतिथिगृह सह्याद्री में नई वस्त्रोद्योग नीति की समीक्षा बैठक की। इसमें प्रदेश के वस्त्रोद्योग मंत्री सुभाष देशमुख मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वस्त्रोद्योग विभाग सर्वाधिक रोजगार पैदा करता है। उन्होंने कहा कि राज्य में वस्त्रोद्योग बढ़ोतरी के लिए बिजली की समस्या आती थी। वस्त्रोद्योग व्यवसाय को मजबूत करने के लिए अनुदान दिया जाता है। बिजली अनुदान की राशि मंजूर किए जाने से राज्य में बंद होने वाले वस्त्रोद्योग फिर से शुरू हो सकेंगे। इससे बड़े पैमाने पर स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
गोंदिया में तूफानी हवाओं से क्षतिग्रस्त घरों के लिए 19 लाख की मदद
प्रदेश सरकार ने गोंदिया में साल 2016 में तूफानी हवाओं के कारण प्रभावित हुए घरों के लिए मदद करने का फैसला किया है। सरकार ने गोंदिया और तिरोडा तहसील में 21 मई 2016 के तूफानी हवाओं से क्षतिग्रस्त हुए 535 घरों के लिए 19 लाख 23 हजार 600 रुपए मंजूर किया है। गुरुवार को राजस्व विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया। इसके अनुसार गोंदिया तहसील में आपदा प्रभावित आंशिक रूप से कच्चे 362 और अतिक्रमण करके बनाए गए 54 घरों के अलावा आंशिक रूप से पक्के 61 घरों के लिए 16 लाख 48 हजार 400 रुपए की निधि मंजूर की गई है। जबकि तिरोडा तहसील में आंशिक रूप से कच्चे 86 घरों के लिए 2 लाख 75 हजार 200 रुपए की सहायता दी जाएगी। क्षतिग्रस्त घरों की नुकसान भरपाई की राशि आपदा प्रभावितों के बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार ने जिलाधिकारी को पंचनामा रिपोर्ट के अनुसार मदद देने का निर्देश दिया है।
Created On :   10 Aug 2018 11:25 AM IST