मुख्यालय छोड़ने वाले 81 कर्मियों का भत्ता रोका, 35 को नोटिस

Stopped allowances of 81 employees for leaving the headquarters
मुख्यालय छोड़ने वाले 81 कर्मियों का भत्ता रोका, 35 को नोटिस
मुख्यालय छोड़ने वाले 81 कर्मियों का भत्ता रोका, 35 को नोटिस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महावितरण ने मुख्यालय छोड़ कर रहने वालों की नकेल कसना शुरू कर दिया है। प्रदेशिकनिदेशक भालचंद्र खंडाईत के आदेश पर विदर्भ के 81 कर्मचारियों का किराया भत्ता रोक दिया गया है। इसमें सहायक अभियंता स्तर के भी अधिकारी हैं। इसके अलावा ऐसे 35 कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, जिनका किराया भत्ता पहले ही रोका जा चुका है, इसके बावजूद उन्होंने  मुख्यालय पर रहना शुरू नहीं किया है। इसके चलते अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

महावितरण की छवि सुधारने की कवायद
सूत्रों के अनुसार भत्ता रुकने और नोटिस मिलते ही परिक्षेत्र कार्यालय से लेकर मुंबई मुख्यालय तक दौड़ शुरू हो गई है। कई कर्मचारियों ने मुख्यालय पर मकान देखना भी शुरू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेशिक निदेशक खंडाईत ने महावितरण की छवि को सुधारने तथा उपभोक्ताओं को अच्छी सेवा देने के लिए सभी तकनीकी अधिकारियों व कर्मचारियों को खासकर ग्रामीण इलाकों व तहसीलों में पदस्थ कर्मचारियों को अपने मुख्यालय में ही निवास करने के आदेश पिछले वर्ष दिए थे। इसके बाद कई अधिकारियों व कर्मचारियों ने मुख्यालय पर रहना शुरू कर दिया था, लेकिन कुछ  आदेश की अवहेलना कर अपने स्थाई निवास स्थान से रोज आना-जाना कर रहे थे। इससे रात-बे-रात उनके कार्य क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित होने पर सहायता दूसरे दिन ही पहुंच पा रही थी। इससे विद्युत उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही थी। आंधी-तूफान के समय विद्युत आपूर्ति सुचारु करने में समस्या खड़ी हो रही थी।

कहां कितनों का कटा किराया भत्ता
जिनका किराया भत्ता रोक दिया गया है, उनमें तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं। नागपुर परिमंडल के वर्धा मंडल में सबसे अधिक कर्मचारियों पर आदेश की गाज गिरी है। यहां 14 अधिकारियों, कर्मचारियों का किराया भत्ता रोका गया है। इसके बाद नागपुर परिमंडल के नागपुर तथा अकोला परिमंडल के बुलढाणा व यवतमाल मंडल के 10 कर्मचारी, अकोला के 9, अमरावती के 8, वासिम के 7 गड़चिरोली के 5, नागपुर शहर मंडल के 4, भंडारा के 3 तथा चंद्रपुर मंडल के 1 कर्मचारी का किराया भत्ता रोका गया है। इनमें 9 द्वितीय श्रेणी के अधिकारी हैं। इनमें से अकोला के 4, अमरावती तथा नागपुर ग्रामीण के 2-2 तथा एक अधिकारी वर्धा मंडल का है।

नोटिस पाने वाले कहां के कितने
जिन 35 कर्मचारियों को  कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें से 18 नागपुर ग्रामीण मंडल के, 12 वर्धा मंडल के, 4 नागपुर शहर मंडल के तथा 1 यवतमाल मंडल का कर्मचारी है। इनमें से द्वितीय श्रेणी के 3, तृतीय श्रेणी के 9 तथा चतुर्थ श्रेणी के 23 कर्मचारियों का समावेश है। 
 

Created On :   2 Jun 2018 5:09 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story