- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पटोले के इस्तीफे को बीजेपी...
पटोले के इस्तीफे को बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष देशमुख ने बताया राजनीतिक खेल

डिजिटल डेस्क, नागपुर । ऐन गुजरात चुनाव के पूर्व लोकसभा सदस्य नाना पटोले के इस्तीफे व पार्टी छोड़ने से जहां राजनीति गरमा गई है वहीं भाजपा इसे कांग्रेस का खेल करार दे रही है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुधाकर देशमुख ने कहा है कि, पटोले के इस्तीफे के पीछे कांग्रेस का राजनीतिक खेल हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में मणिशंकर अय्यर के अशोभनीय बयान से कांग्रेस को लगता है कि, गुजरात चुनाव में उसे जनाक्रोश का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए पटोले के इस्तीफे की राजनीति करके कांग्रेस गुजरात चुनाव में लाभ लेने का प्रयास कर सकती है। देशमुख ने यह भी कहा कि, 6 माह से पटोले के भाजपा विरोधी तेवर से कार्यकर्ता व विधायक उनके विरोध में थे, लेकिन जिस तरह श्रीकृष्ण ने शिशुपाल के 99 अपराध माफ किए थे उसी तरह पटोले के मामले में पार्टी उचित समय का इंतजार कर ही थी। पटोले का पार्टी छोड़ना भी एक तरह से पार्टी की ओर से दी गई सजा ही है।
बेबुनियाद हैैं पटोले के आरोप : प्रेस कांफ्रेन्स में श्री देशमुख बोल रहे थे। पटाेले ने दिल्ली में इस्तीफा देने के बाद कहा है कि, उनके निर्वाचन क्षेत्र गोंदिया भंडारा में विकास कार्य नहीं होने व महाराष्ट्र में कृषि संकट की स्थिति को देखते हुए उन्हें भाजपा को छोड़ना पड़ रहा है। श्री देशमुख ने कहा कि, पटोले के सारे आरोप निराधार हैं। राज्य में किसानों को राहत देने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। पहले केंद्र सरकार ने राज्य में किसानों का कर्जमाफ किया था। इस बार राज्य सरकार ने ही कर्जमाफी की है। कर्जमाफी के तहत 19537 करोड़ रुपए किसानों के खातों में जमा कराए जा चुके हैं। शेष करीब 14 हजार करोड़ रुपए भी 7 से 8 दिन में जमा करा दिए जाएंगे। किसानों की समस्या को सरकार ने नजरअंदाज नहीं किया है। राज्य का सकल घरेलू उत्पाद पहले की तुलना में बढ़ा है। ऐसे में यह कहना उचित नहीं होगा कि, राज्य की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। श्री देशमुख ने यह भी कहा कि, राज्य में भाजपा को ही सबसे अधिक समर्थन मिल रहा है। मनपा चुनावों में भाजपा का भरपूर समर्थन मिला। नांदेड़ मनपा में भले ही सत्ता नहीं मिली पर भाजपा को पहले की तुलना में 22 प्रतिशत से अधिक मत िमला। पत्रकार वार्ता में विधायक सुधाकर कोहले, विधायक कृष्णा खोपड़े, विधायक मिलिंद माने, विधान परिषद सदस्य प्रा. अनिल सोले, प्रचार-प्रसार प्रमुख चंदन गोस्वामी व अन्य उपस्थित थे।
मुन्ना पर कार्रवाई करे प्रशासन
राज्य कामगार मंडल के अध्यक्ष मुन्ना यादव के आपराधिक मामले पर श्री देशमुख ने कहा कि, पुलिस प्रशासन को कानूनन कार्रवाई करना चाहिए। पार्टी की ओर से कार्रवाई करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी पर आरोप लगाना और आरोप तय होना अलग अलग बात है। उचित समय पर पार्टी मुन्ना के मामले में निर्णय लेगी।
इधर कुंभारे के अलग हैं तेवर: विधायक विकास कुंभारे ने हलबा समाज की समस्या को लेकर सरकार के विरोध में ठोस भूमिका अपनाई है। सरकार को लेकर उनके भी तेवर कुछ अलग हैं। कुंभारे ने कहा है कि, सरकार हलबा समाज को न्याय देने का वादा पूरा नहीं कर पाई है। विधानभवन पर समाज का मोर्चा ले जाया जाएगा। पार्टी व सरकार से पहले समाज उनके लिए महत्वपूर्ण है। वे विधायक पद से इस्तीफा देने से भी नहीं चूकेंगे।
-
.jpg)

Created On :   9 Dec 2017 2:42 PM IST