- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- तीखी होने लगी है गर्मी, पारा...
तीखी होने लगी है गर्मी, पारा सामान्य से ऊपर

डिजिटल डेस्क,नागपुर। गर्मी दस्तक दे चुकी है। उपराजधानी की गर्मी वैसे भी तेज होती है। इसका अहसास अभी से होने लगा है। मंगलवार को शहर का पारा सामान्य से ऊपर ही दर्ज किया गया। हालांकि रात के तापमान में सोमवार की अपेक्षा गिरावट दर्ज की गई। आर्द्रता भी निचले स्तर पर है। इससे शुष्क और तीखी गर्मी लोगों को परेशान करती रही। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री ऊपर रहा। न्यूनतम तापमान औसत पर 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। आर्द्रता अधिकतम 60 व न्यूनतम 31 प्रतिशत रही। फिलहाल मौसम में विशेष परिवर्तन के आसार नहीं हैं।
इस बार तीखी चुभन देगी उपराजधानी की गर्मी
इस वर्ष मौसम की चाल पूरे साल भर बिगड़ी हुई रहेगी। गर्मी आ गई है, झटका देने वाली खबर यह है कि तापमान सामान्य के ऊपर घूमता रहेगा और तीखी जलन देता रहेगा। मौसम पर विश्व में हो रहे जलवायु परिवर्तन का ही यह असर है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो गर्मी ने फरवरी के मध्य से ही रफ्तार पकड़ना शुरू कर दिया है। यह रफ्तार पूरे ग्रीष्मकाल में बने रहने के आसार हैं। गर्मी का रिकार्ड टूटे न टूटे, तापमान सामान्य औसत से ऊपर ही बना रहेगा। इसका असर मानसून पर भी पड़ेगा।
ठंड में भी इस बार रही स्थिरता
जानकारों के अनुसार, इस साल ला-नीनो तटस्थ या उदासीन बना हुआ है। अनुमान है कि गर्मी ने जो तेजी पकड़ी है वह लगातार बनी रहेगी और इससे तीखी धूप गर्मी की परेशान करेगी। ध्यान करें तो इस बार शीतकाल का फैलाव सितंबर अंत से शुरू होकर जनवरी अंत तक रहा। ठंड में निरंतरता और स्थिरता रही। कई-कई दिन तापमान लगातार 10 डिग्री के नीचे बना रहा। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े से जनवरी मध्य तक करीब 1 माह ठंड का जोर तेज रहा।
मानसून का विस्तार अधिक नहीं होगा
मौसम जानकारों का मानना है कि मानसून अपने तय समय के आस-पास ही विदर्भ में आएगा और तेजी से बरसेगा। लेकिन इसका विस्तार अधिक नहीं होगा। जल्दी ही सिमट जाएगा। ला-नीनो तटस्थ बना हुआ है और भू-मध्य सागर में सतह का तापमान भी सामान्यो चल रहा है। गर्म अधिक होने से ऊपरी सतह पर शून्य भी जल्दी निर्मित होगा। इससे जैसे ही मानसूनी चक्र बनना शुरू होंगे, उसकी नमी इन स्थानों में प्रवेश करने लगेगी। इससे मानसून समय के आस-पास प्रवेश करेगा और तेजी से बरसेगा।
Created On :   28 Feb 2018 12:08 PM IST