- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- आग उगल रहा सूरज, चंद्रपुर का पारा...
आग उगल रहा सूरज, चंद्रपुर का पारा 47.9 पर पहुंचा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नवतपा में गर्मी अपने चरम पर है। बुधवार को भी विदर्भ लू और भीषण ताप की चपेट में बना रहा। चंद्रपुर में पारा 47.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड दर्ज किया गया, जबकि नागपुर का पारा लगातार दूसरे दिन 46 डिग्री के ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार चंद्रपुर का तापमान इस वर्ष का सर्वाधिक रिकार्ड तापमान है। विदर्भ की बात करें तो सर्वाधिक तापमान चंद्रपुर में 47.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्वाधिक और सबसे कम तापमान बुलढाना का 40 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। वहीं अकोला 43.0 डि.से., अमरावती 43.4, ब्रह्मपुरी 46.9 डि.से., गड़चिरोली 46, गोंदिया 44.5 डि.से., नागपुर 46.3, वर्धा 45.7 और यवतमाल का तापमान 44.5 डि.से. दर्ज किया गया। चंद्रपुर में दिन के साथ रात में भी भीषण गर्मी रहती है। रात का तापमान 32 डि.से. के पार हो चुका है।
पिछले दिनों हुई जोरदार बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली थी, पर दूसरे दिन से उमस ने लोगों को हलाकान कर दिया। तब से चंद्रपुर का तापमान काफी बढ़ गया है। लोग उमस से परेशान नजर आ रहे हैं।
आंधी-तूूफान के साथ बारिश भी
दिनभर काफी तपने के बाद चंद्रपुर में बुधवार की रात 8 बजे के दौरान मौसम ने करवट बदली और देखते ही देखते तूफान आया। भद्रावती समेत अन्य कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। बता दें कि देश के दक्षिणी छोर से मानसून तेजी से आगे बढ़ जरूर रहा है, लेकिन मध्य भारत में सूर्य आग उगल रहा है।
चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार यह क्यूनो निंबस क्लाउड उत्तर-पश्चिम, उत्तर और उत्तर पूर्व में स्थित था। इससे कहीं वर्षा रही, तो कहीं बूंदाबांदी। दक्षिण पश्चिम में जहां मौसम विभाग का वर्षा मापी स्थित है, वहां बरसात दर्ज ही नहीं हुई, जबकि उत्तर व मध्य नागपुर में कुछ देर बादल झूम कर बरसे। दोपहर तक खूब तपने के बाद घरेलू बादल आंधी और तेज हवाओं के साथ बौछारें दे सकते हैं।
Created On :   31 May 2018 11:34 AM IST