गुजरात से आए कामगार की संदिग्ध मौत, पत्नी भी बीमार

Suspected death of worker from Gujarat, wife also sick
गुजरात से आए कामगार की संदिग्ध मौत, पत्नी भी बीमार
गुजरात से आए कामगार की संदिग्ध मौत, पत्नी भी बीमार


डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव। लॉक डाउन के पहले गुजरात से लौटे एक मजदूर की मौत के बाद सोमवार को जुन्नारदेव में हड़कंप मच गया। लोगों की सूचना पर जब पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे तो मृतक की पत्नी भी बीमार पाई गई। उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। हालांकि दोनों बार दोनों के हुए स्वास्थ्य परीक्षण में कोरोना के कोई लक्षण नहीं पाए गए।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड 1 निवासी 45 वर्षीय गेंदलाल राउतिया 17 मार्च को अपने परिवार के साथ गुजरात से जुन्नारदेव आया था। बीमारी के चलते सोमवार को अचानक उसका निधन हो गया। राउतिया परिवार बाहर से आया था। क्षेत्रवासी और अन्य लोगों की शिकायत के बाद पुलिस व प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर मृतक का शव बरामद किया है। हालांकि मृतक की पत्नी भी बीमार है उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
कोरोना के डर से नही आए परिजन तो प्रशासन ने दफनाया-
मृतक व उसकी पत्नी नगर में अकेले ही रहते थे। मजदूर की मौत के बाद मृतक बाहर से आया था। इस बात से डरकर मजदूर के रिश्तेदार और आसपड़ोस वाले उसकी मौत होने के बाद भी नही आए। प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक के रिश्तेदारों को भी सूचना दी। जब कोई भी अंतिम संस्कार के लिए आगे नही आया तो प्रशासनिक अधिकारियों की देखदेख में ही मृतक का शव दफनाया गया।
दो बार हो चुकी थी जांच, नही थे कोई लक्षण-
गुजरात से वापस लौटने के कारण मजदूर व उसकी पत्नी का एहतियात के तौर पर दो बार मेडिकल जांच की गई लेकिन उनमें ऐसे कोई भी लक्षण नही पाए गए जिससे उन्हें सदिग्ध माना जाए। बीएमओ आरआर सिंह ने बताया कि मृतक का दो बार मेडिकल चेकअप हुआ है। मृतक की पत्नी भी बीमार है, जिसे एहतियात के तौर पर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मकान के साथ पूरे क्षेत्र को किया सेनेटाइज-
मृतक की मौत को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए उसके मकान के साथ ही पूरे क्षेत्र को सेनेटाइज किया है। मजदूर के वापस लौटने और फिर उसकी असमय मौत से घबराए क्षेत्र वासियों ने प्रशासन की कार्रवाई के बाद राहत की सांस ली है। अब तक लोग इसे कोरोना का केस मानकर सकते में थे।
रमेश की जांच तीसरी बार भी पाजिटिव, 4 सेंपल निगेटिव-
शनिवार व रविवार को जिले से किसी भी संदिग्ध मरीज के सेंपल जांच के लिए नही भेजे गये थे। सोमवार को जिला अस्पताल से पांच सेंपल जांच के लिए जबलपुर भेजे गए थे। जिसमें पूर्व से कोरोना संक्रमित रमेश की रिपोर्ट तीसरी बार भी पाजिटिव आई है। इसके अलावा दो पूर्व से क्वारेंटाइन और अन्य दो संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है।
इनका कहना है-
मृतक बाहर से आया था और उसकी मौत हो गई। जिसके कारण उसके रिश्तेदार भी अंतिम संस्कार के लिए नही आए। प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर इन हालातों में मृतक के शव को दफना दिया गया है।
-प्रतिक्षा मार्को, थाना प्रभारी जुन्नारदेव

Created On :   20 April 2020 10:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story