- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- ताजुद्दीन बाबा के जन्मदिन पर उमड़ा...
ताजुद्दीन बाबा के जन्मदिन पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ताजुद्दीन बाबा के जन्मदिन पर शनिवार को उपराजधानी में रचनात्मक कार्यक्रमों की धूम रही। ताजुद्दीन बाबा के प्रति सभी धर्म के लोगों की आस्था है इसलिए उनका जन्मदिन हिन्दू-मुस्लिम सभी धूमधाम से मनाते हैं। ताजुद्दीन बाबा के दरबार में रात 12 बजे श्रद्धालुओं ने केक काटा। दरबार परिसर रंगबिरंगे बलून से सजाया गया। सुबह से दरबार में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर नि:शुल्क रोग शिविर, रक्तदान शिविर,शल्यक्रिया शिविर भी आयोजित किए गए। जगह-जगह भंडारा का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर बाबा के जन्मदिन पर सुबह दरबार से शाही संदल निकाला गया। शहर में जगह-जगह लंगर का आयोजन किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने केक काटकर बाबा के जन्मदिन की खुशी मनाई।
दरबार में मध्यरात्रि में काटा केक
शुक्रवार की मध्यरात्रि 12 बजे से केक लेकर संदल बाबा के दरबार पहुंचने शुरू हुए। शनिवार की रात 12 बजे तक यह सिलसिला जारी रहा। ताजाबाद दरबार में सुबह दरबारी कव्वालों ने कव्वाली पेश की। सुबह 11 बजे शाही संदल निकाला गया। संदल में शाही रथ, घोड़े, बैंड पथक शामिल किए गए। बाबा ताजुद्दीन हर रोज जिस रास्ते से भ्रमण करते थे, उस रास्ते से भ्रमण करता हुआ संदल शाम 6 बजे वापस दरबार पहुंचा। प्रशासक जी. एम. कुबड़े ने दरबार में चादर, संदल औप फूल चढ़ाए गए। सुबह से शाम तक दरबार के लंगरखाने में हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की ओर से लंगर और खीर का वितरण किया गया। कामठी से अाए संदल में 251 किलो का केक बाबा के दरबार में काटा गया। शुक्रवार की मध्यरात्रि से शनिवार की मध्यरात्रि तक सैकड़ों केक काटकर बाटे गए। संदल निकलने से पहले कव्वाली हुई। दरबारी कव्वालों ने बाबा ताज की शान में कव्वालियां पेश की। दरबार परिसर में नवनिर्मित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का प्रशासक के हस्ते लोकार्पण किया गया। दुकानदारों को चांबियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्य अमानुल्लाह खान, फैयाज अहेमद, अश्विन पेठारिया, खुद्दाम कमेटी के प्यारू ताजी, असलम ताजी व गुलाम मुस्तफा काजी, ताज शहजादा आदि उपस्थित थे।
Created On :   27 Jan 2018 6:27 PM IST