मनपा का कारनामा : नाबालिग से यौनाचार के दोषी शिक्षक को पहले प्रमोशन फिर प्राइज

Teacher who is accused of crime is promoted and awarded
मनपा का कारनामा : नाबालिग से यौनाचार के दोषी शिक्षक को पहले प्रमोशन फिर प्राइज
मनपा का कारनामा : नाबालिग से यौनाचार के दोषी शिक्षक को पहले प्रमोशन फिर प्राइज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महानगरपालिका के शिक्षा विभाग में गजब कारनामा सामने आया है। यौनाचार के मामले में दोषी करार एक शिक्षक को पहले तो पदोन्नति देकर मुख्याध्यापक बना दिया गया था। अब उसी शिक्षक को विशेष शिक्षक पुरस्कार से नवाजा गया है। विविध कारणों से चर्चा में रहा मनपा का शिक्षा विभाग इस कारनामे से फिर एक बार चर्चा में आ गया है।

कोर्ट में लंबित है प्रकरण
मनपा के 10 शिक्षकों को विशेष शिक्षक पुरस्कार से नवाजा गया। विशेष शिक्षकों की फेहरिस्त में एक शिक्षक ऐसा भी है, जिसे जिला सत्र न्यायालय ने नाबालिग के साथ यौनाचार के मामले में दोषी करार दिया है। उसे दो साल की सजा और 10 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई है। वर्ष 2008 में अपने ही पड़ोस में रहने वाली एक नाबालिग के साथ यौनाचार का आराेप लगा था। पुलिस में मामला दर्ज करने पर 3 दिन जेल में रखा गया। न्यायालय ने वर्ष 2011 में उसे दोषी करार दिया। जिला सत्र न्यायालय के आदेश के विरुद्ध हाईकोर्ट में अपील की गई है। न्यायालय में प्रकरण लंबित है।

राजनीतिक आशीर्वाद
शिक्षक के पेशों को कलंकित करने वाली हरकतों के बावजूद उसका बचाव किया जाता रहा है।  इसके पीछे राजनीतिक आशीर्वाद प्राप्त माना जाता है है।  

सस्पेंड भी रहा
यौनाचार प्रकरण में दोषी करार दए गए शिक्षक का नाम संजय पुंड है। उसे इस प्रकरण में निलंबित किया गया था। 4 महीने निलंबन के बाद पुन: सेवा में दाखिल किया गया। उसे प्राथमिक शिक्षक से माध्यमिक शिक्षक नियुक्त किया गया। हद तो तब हो गई, जब सहायक शिक्षक से मुख्याध्यापक बना दिया गया। इसके भी आगे बढ़कर नया कारनामा सामने आया है। अब उसे विशेष शिक्षक पुरस्कार से नवाजा गया है।

विद्यार्थी संख्या बढ़ाने के लिए काम करने वाले 10 शिक्षकों को विशेष पुरस्कार से नवाजा गया है। इन शिक्षकों में संजय पुंड का समावेश है। उनके खिलाफ जो आरोप लगे थे, वह प्रकरण न्यायालय में है। इसलिए इस विषय में कुछ भी बोलना उचित नहीं है।
राजेश गवरे, अध्यक्ष, मनपा शिक्षक संघ

मनपा का निर्णय है। विद्यार्थी संख्या बढ़ाने में उनके योगदान को देख विशेष शिक्षक पुरस्कार से नवाजा गया है।
देवराव मांडवकर, सचिव, मनपा शिक्षक संघ

Created On :   12 Sept 2018 1:37 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story