- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- ठिठुरन से राहत के आसार, सप्ताह के...
ठिठुरन से राहत के आसार, सप्ताह के अंत तक पारा 10 डिग्री ऊपर होने की उम्मीद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले 4 दिनों से कड़कड़ाती ठंड झेल रहे संतरानगरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद नजर आ रही है। कश्मीर तथा हिमालय की वादियों में पश्चिमी विक्षोभ उभरा है। इससे ऊपरी सतह में नमी का असर बढ़ेगा। साथ ही उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं का जोर घटेगा। इसके पीछे एक और पश्चिमी विक्षोभ सिर उठा रहा है। इससे नमी का भराव फिलहाल निरंतर बने रहने के आसार हैं। नमी के प्रवेश से तापमान में बढ़त दर्ज की जा सकती है। अनुमान है कि बुधवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आस-पास रह सकता है, जिसके सप्ताहांत तक 10 डिग्री या इससे ऊपर जाने की उम्मीद है। हालांकि मंगलवार को भी सर्दी जोर पर रही।
उपराजधानी को छोड़ विदर्भ में सभी स्थानों पर रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मंगलवार को भी नागपुर विदर्भ में सबसे अधिक ठंडा रहा। हवा की गति शांत होने से कुछ राहत बनी रही। दिन का पारा भी मंगलवार की अपेक्षा 2.7 डिग्री बढ़ा। इससे दिन में ठंड का असर कम हुआ। धूप की चुभन महसूस हुई। न्यूनतम तापमान में हल्की सी ही बढ़त दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री नीचे रहा। अधिकतम तामपान सामान्य से 2 डिग्री ऊपर 30 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। आर्द्रता अधिकतम 79 तथा न्यूनतम 51 प्रतिशत रही।
उड़ानों पर लगातार कोहरे का पहरा
विभिन्न शहरों से उड़ान भरकर नागपुर पहुंचने वाले कुछ विमान मंगलवार को भी विमानतल पर देरी से पहुंचे। पुणे का विमान करीब 4 घंटा देरी से नागपुर पहुंचा। जानकारी के अनुसार, बंगलुुरु से आने वाला एयर एशिया का विमान क्रमांक 2678 अपने तय समय सुबह 7.35 बजे से 1 घंटा देरी से, बंगलुरु से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 509 अपने तय समय सुबह 7.40 से करीब 1 घंटा देरी से, पुणे से आने वाला गो एयर का विमान क्रमांक 283 अपने तय समय सुबह 8.55 बजे से करीब 4 घंटा देरी से, मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक अपने तय समय सुबह 10 बजे से 1.15 घंटा देरी से, कोलकाता से आने वाला एयर एशिया का विमान क्रमांक 2676 अपने तय समय दोपहर 12.15 से करीब 1 घंटा देरी से और मुंबई से आने वाला जेट एयरवेज का विमान क्रमांक 879 अपने तय समय शाम 5.20 से करीब 1 घंटा देरी से संतरानगरी के डॉ.बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर पहुंचा।
Created On :   2 Jan 2019 4:02 PM IST