- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गोलीकांड आरोपी खुद शिकायतकर्ता...
गोलीकांड आरोपी खुद शिकायतकर्ता निकला, पुलिस जुटा रही सुराग

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वाड़ी में दी दिन पूर्व हुए गोलीकांड में चौंकाने वाली जानकारी हाथ लगी है। गोलीकांड में शामिल आरोपी कोई और नहीं बल्कि खुद शिकायतकर्ता निकला है। फिलहाल पुलिस मामले के तह तक पहुंचने जुटी हुई है। ज्ञात हो कि शुक्रवार-शनिवार दरम्यानी रात गोली चलने और परिसर में दहशत फैलने की खबर से स्थानीय लोग परेशान हो उठे थे। इसके पीछे मुख्य कारण था गैंगवार भड़कने की आशंका, लेकिन इस पूरे गोली कांड की कलई खुल गई है। हमले की फर्जी कहानी बनाई गई। दरअसल, गोली शिकायतकर्ता ने ही चलाई थी। उससे एक किशोर घायल भी हुआ है। सोमवार को पुलिस आयुक्तालय में हुई पत्र-परिषद में शिकायतकर्ता और उसकेे गिरोह के खिलाफ एक साथ चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी सह पुलिस आयुक्त ने दी है।
पुलिस ने घटनास्थल से जब्त किया जिंदा कारतूस
वाड़ी में शिवाजी नगर स्थित दखने ले-आउट निवासी भरत सहारे ने 16 तारीख को वाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब दर्जन भर नकाबपोश हमलावरों ने उसके घर के बाहर खड़ी उसके मामा मनोज मेश्राम के कार का कांच फोड़ दिया। सीसीटीवी में घटना को देखते ही जब वह बाहर आया तो उस पर भी नकाबपोशों ने माउजर से गोलियां दागीं। करीब तीन राउंड फायर किए जाने की जानकारी दी गई थी। घटनास्थल से पुलिस ने गोली के दो खोखे और तीन जिंदा कारतूस जब्त किए थे।
घटना के पीछे पुलिसिया दिमाग?
-घटित प्रकरण के पीछे किसी पुलिसकर्मी का दिमाग होने का कयास लगाया जा रहा है। इसलिए वाड़ी पुलिस पर संदेह गहराने लगा है। इसके पीछे मुख्य कारण इस प्रकार है
-अगर वाकई हमला हुआ था तो माउजर से जिंदा कारतूस जमीन पर कैसे गिर गए
-परिसर में अंधेरा था। जिंदा कारतूस पुलिस को नहीं, भरत को ही कैसे मिल रहे थे
-भरत के घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन गोलीकांड रिकार्ड नहीं हुआ था
फर्जी गोली कांड का हुआ खुलासा
अपराध शाखा के यूनिट क्र.1 का दस्ता भी प्रकरण की गुत्थी सुलझाने में लगा हुआ था। दस्ते को पता चला कि दिघोरी क्षेत्र का एक 17 वर्षीय किशोर गोली लगने से घायल हुआ है और उसे निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। गोली बाएं पैर में छेद कर निकल गई है। चिकित्सक ने पुलिस को इसकी सूचना देने काे कहा, मगर इलाज के बाद किशोर थाने गया ही नहीं। दस्ते ने किशोर को ढूंढ निकाला और पूछताछ की तो पूरी कहानी सामने आई और भरत सहारे द्वारा दर्ज किए गए फर्जी गोली कांड का खुलासा हुआ।
Created On :   23 Jan 2018 11:54 AM IST