विवाह से 24 घंटे पहले दुनिया से विदा हो गई दुल्हन, नाश्ता करते वक्त थम गई सांसें

The bride left the world 24 hours before the wedding, breathing stopped while having breakfast
विवाह से 24 घंटे पहले दुनिया से विदा हो गई दुल्हन, नाश्ता करते वक्त थम गई सांसें
- मेहंदी की रस्म के दौरान की घटना, पुणे से आज आनी थी बारात, शाम को आर्शीवाद समारोह की तैयारियों में जुटा था परिवार, खुश विवाह से 24 घंटे पहले दुनिया से विदा हो गई दुल्हन, नाश्ता करते वक्त थम गई सांसें

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। शहर के राजपाल चौक निवासी काले परिवार बिटिया के विवाह समारोह में व्यस्त था। गुरुवार शाम को रिसेप्शन तो शुक्रवार दोपहर को शादी होनी थी। सुबह बिटिया के हाथों में मेहंदी सजाई जा रही थी। तभी नाश्ते के दौरान उसे ठंसकी लगी और वह बेहोश हो गई। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर दौड़े जहां इलाज के दौरान उसकी सांसें उखड़ गईं। जिस बिटिया का धूमधाम से विवाह रचाकर विदाई की खुशियों में परिवार लीन था, अचानक उसके इस तरह दुनिया से अलविदा हो जाने पर सदमे में आ गया। परिवार की सारी खुशियां मातम में बदल गई।  
पुलिस ने बताया कि 29 वर्षीय मेघा पिता प्रमोद महादेवराव काले की 20 मई को शहनाई लॉन से शादी थी। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे मेहंदी की रस्म के साथ नाश्ता चल रहा था। परिवार के सभी सदस्यों के साथ मेहंदी लगवाते हुए मेघा भी नाश्ता कर रही थी। नाश्ते में ढोकला और समोसा खाते वक्त मेघा को ठंसकी लगी। इस दौरान उसने पानी पिया और कुछ देर बाद बेहोश हो गई। परिजन दुल्हन को निजी अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृत्यु का कारण स्पष्ट न होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है।
आर्शीवाद समारोह के दिन मृत्यु-
काले परिवार ने नागपुर रोड स्थित शहनाई लॉन में गुरुवार शाम को आर्शीवाद समारोह का आयोजन किया गया था। शुक्रवार को पुणे से बारात आ रही थी। दिन में शादी की रस्म होनी थी। आर्शीवाद समारोह के दिन बेटी की मृत्यु से पूरा परिवार व रिश्तेदार सदमे में है।
लॉकडाउन की वजह से टला था विवाह-
परिचितों के मुताबिक मेघा का विवाह पूर्व में ही होना था। कोरोना की वजह से उस वक्त लॉकडाउन लग गया। काले परिवार बेटी का विवाह धूमधाम से करना चाहता था, इस वजह से उन्होंने लॉकडाउन में शादी टाल दी थी।
पुलिस ने जब्त किया नाश्ता-पानी-
प्रभारी सीएसपी डॉ.संतोष डेहरिया ने बताया कि मेघा की मृत्यु का कारण अभी पूर्ण रूप से स्पष्ट नहीं है। पीएम कर बिसरा जब्त किया गया है। वहीं मेघा द्वारा किया गया नाश्ता और पानी एफएसएल जांच के लिए जब्त कराया गया है।  
नागपुर से लौटा दुल्हे का परिवार-
काले परिवार के परिचित प्रकाश पोफली ने बताया कि गुरुवार को पुणे से दुल्हा और उसके परिवार के लगभग 15 सदस्य फ्लाइट से नागपुर पहुंचे थे। फोन पर संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद दुल्हा व उनके परिवार के सदस्य नागपुर से वापस लौट गए। दुल्हन की मृत्यु की खबर से दुल्हे का परिवार भी सदमे में है।
नासिक में डॉक्टरी करती थी मेघा-
मेघा पेशे से एमबीबीएस डॉक्टर थी। लॉकडाउन के पूर्व वह नासिक में जॉब करती थी। पिता के स्वास्थ्य कारणों के चलते वे जॉब छोडकऱ छिंदवाड़ा आ गई थी। मेघा ने मेडिकल कॉलेज में सेवा के लिए भी आवेदन किया था।

Created On :   19 May 2022 11:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story